Raipur Crime: रायपुर। टिकरापारा थाना क्षेत्र में सूने मकान का ताला तोड़कर नगदी चोरी करने के मामले में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना टिकरापारा पुलिस की संयुक्त टीम ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई नगदी रकम भी बरामद की है। पुलिस के मुताबिक आरोपी पहले भी चोरी के एक मामले में जेल जा चुका है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मठपुरैना टिकरापारा निवासी प्रेम सोनी ने थाना टिकरापारा में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 1-2 मई 2026 की दरम्यानी रात अज्ञात चोर उनके सूने मकान का ताला तोड़कर अंदर घुसा और कमरे में रखी आलमारी का लॉक तोड़कर उसमें रखी नगदी रकम चोरी कर फरार हो गया।
शिकायत के आधार पर टिकरापारा थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 376/26 के तहत धारा 331(4), 305 बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और टिकरापारा पुलिस की संयुक्त टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। इसके साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ की गई और तकनीकी साक्ष्यों व मुखबिरों की मदद से आरोपी की तलाश शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने संतोषी नगर टिकरापारा निवासी असवंत निषाद की पहचान संदिग्ध के रूप में की। पुलिस टीम ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें आरोपी ने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की नगदी रकम बरामद की गई।
Raipur Crime: पुलिस के अनुसार, आरोपी असवंत निषाद वर्ष 2024 में भी टिकरापारा थाना क्षेत्र के चोरी के एक मामले में गिरफ्तार होकर जेल जा चुका है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान असवंत निषाद पिता गेंदराम निषाद, उम्र 26 वर्ष, निवासी शिव कबाड़ी के पीछे, संतोषी नगर, थाना टिकरापारा, रायपुर के रूप में हुई है।






