Thursday, September 17, 2026
Home Madhya Pradesh Inter-State Fraud Gang Busted MP: नेमावर पुलिस की बड़ी कामयाबी; बर्तन बदलने...

Inter-State Fraud Gang Busted MP: नेमावर पुलिस की बड़ी कामयाबी; बर्तन बदलने और तंत्र-मंत्र से सोना दोगुना करने वाली अंतरराज्यीय गैंग गिरफ्तार

Inter-State Fraud Gang Busted MP: अनिल उपाध्याय (विशेष रिपोर्ट) — देवास (मध्य प्रदेश)। मध्य प्रदेश के देवास जिले की नेमावर थाना पुलिस ने विभिन्न राज्यों में सक्रिय एक शातिर अंतरराज्यीय ठग गिरोह के सदस्यों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। यह गिरोह ग्रामीण इलाकों में महिलाओं को पुराने बर्तन के बदले नए बर्तन देने, सोने-चांदी के आभूषणों की नई डिजाइन देखने और तंत्र-मंत्र के जरिए गहने दोगुना करने का लालच देकर ठगी की वारदातों को अंजाम देता था।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्रीमती सौम्या जैन ने एक प्रेस वार्ता के दौरान पूरे घटनाक्रम का खुलासा करते हुए बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए झारखंड और बिहार के रहने वाले कुल 6 आरोपियों (जिनमें महिलाएं भी शामिल हैं) को गिरफ्तार कर लिया है।

धोखाधड़ी की शिकायतों के बाद पुलिस ने दर्ज किया मामला

मामले की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि 13 जुलाई को पीड़िता रेखा चौरासिया (निवासी वार्ड नं. 05, नेमावर) और 22 जुलाई को शंभु सिंह तोमर (निवासी ग्राम पिपल्यानानकर) ने नेमावर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ितों का आरोप था कि अज्ञात महिलाओं ने सोने-चांदी के आभूषणों की डिजाइन लेने और बदले में पैसे देने का झांसा देकर उनके साथ लाखों रुपये की धोखाधड़ी की है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की। देवास पुलिस अधीक्षक (SP) श्री पुनीत गेहलोद के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सौम्या जैन और अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (SDOP) कन्नौद आदित्य तिवारी के मार्गदर्शन में नेमावर थाना प्रभारी टीना शुक्ला के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया।

‘ऑपरेशन त्रिनेत्रम’ और सीसीटीवी कैमरों की मदद से हत्थे चढ़े आरोपी

विशेष पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्य, भौतिक साक्ष्य और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। ‘ऑपरेशन त्रिनेत्रम’ के तहत घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए। कैमरों से मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध महिलाओं और उनके साथियों को अभिरक्षा में लेकर कड़ी पूछताछ की।

पूछताछ में आरोपियों ने कुबूल किया कि वे गांव-गांव जाकर पहले पुराने बर्तन के बदले नए बर्तन देकर महिलाओं का भरोसा जीतते थे। इसके बाद सोने-चांदी के आभूषणों की नई डिजाइन लेने और तंत्र विद्या से गहनों को दोगुना करने का लालच देकर उनके आभूषण पार कर देते थे।

झारखंड और बिहार के 6 आरोपी गिरफ्तार, 3.5 लाख का मश्रूका जब्त

पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनकी पहचान निम्न रूप में हुई है:

  1. पुष्गर मल्हार (22 वर्ष) — निवासी हजारीबाग, झारखंड

  2. रूपा (20 वर्ष) — निवासी हजारीबाग, झारखंड

  3. गब्बर मल्हार (21 वर्ष) — निवासी जमुई, बिहार

  4. बिरजू मल्हार (34 वर्ष) — निवासी नवादा, बिहार

  5. सोनू खटीक (27 वर्ष) — निवासी हजारीबाग, झारखंड

  6. रानू देवी (24 वर्ष) — निवासी हजारीबाग, झारखंड

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से ठगी किए गए लगभग 3,50,000 रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण और पीतल के बर्तन बरामद किए हैं।

पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका

ग्रामीण महिलाओं को ठगने वाले इस गिरोह को दबोचने में नेमावर थाना प्रभारी निरीक्षक टीना शुक्ला, उपनिरीक्षक नरेंद्र ठाकुर (थाना सतवास), प्रधान आरक्षक ज्ञानसिंह यादव, सचिन कश्यप, दीपक पटेल, आरक्षक रमन मिश्रा, सुमित चौहान, समरथ, श्याम उपाध्याय, नितेश गौर, सोनू कुमार (साइबर कन्नौद), महिला आरक्षक खुशबू, निशा, पूजा काजवे, खुशबू सिंह, मनमोहन तथा सैनिक श्याम तोमर, रामविलास, संदीप तोमर और नारायण यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here