छिंदवाड़ा: छिंदवाड़ा के नागपुर-छिंदवाड़ा मार्ग पर रविवार रात करीब 10 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांढुर्ना में तैनात सहायक उपनिरीक्षक (ASI) सौरभ राजपूत (30 वर्ष) की मौत हो गई। घटना चंदनगांव के पास हुई, जब सौरभ अपने दोस्तों के साथ होटल से बाहर आए और सड़क पार कर रहे थे।
मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, सौरभ सड़क पार करने के दौरान मोहल्ले में सांप मारते लोगों को देखकर रुके और डिवाइडर पार कर आगे बढ़े। इसी समय तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे सौरभ लगभग 6 फीट तक उछलते हुए सड़क पर गिर गए। घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया।
स्थानीय लोगों ने तुरंत सौरभ को जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। निरीक्षक आशीष कुमार के नेतृत्व में कोतवाली थाना पुलिस घटनास्थल पर मौजूद रही और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपी वाहन की तलाश तेज कर दी है।
सौरभ राजपूत के पीछे पत्नी, तीन साल की बेटी, माता-पिता और बड़ा भाई हैं। उनका बड़ा भाई जालंधर में भारतीय वायुसेना में तैनात है और वह सूचना मिलते ही छिंदवाड़ा के लिए रवाना हो गया। पूरे परिवार में शोक का माहौल है।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि हादसे की जानकारी देने और आरोपी वाहन की पहचान में मदद करें। जांच जारी है और उम्मीद है कि आरोपी चालक को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।











