राज्य प्रशासनिक सेवा के 6 अधिकारियों का तबादला, देखें पूरी सूची

0

रायपुर, 15 अप्रैल 2025। छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों के तबादले को लेकर बड़ा निर्णय लिया है। सामान्य प्रशासन विभाग ने आदेश जारी करते हुए 6 अधिकारियों को नई जिम्मेदारियों के साथ स्थानांतरित किया है। यह फेरबदल प्रशासनिक आधार पर किया गया है, जो आगामी आदेश तक प्रभावी रहेगा।

देखें आदेश की कॉपी

राज्य प्रशासनिक सेवा के 6 अधिकारियों का तबादला, देखें पूरी सूची
राज्य प्रशासनिक सेवा के 6 अधिकारियों का तबादला, देखें पूरी सूची

जारी सूची के अनुसार:

  1. विनायक शर्मा (RAS, 2015) – वर्तमान में छत्तीसगढ़ संवाद के महाप्रबंधक पद पर कार्यरत थे, अब उन्हें अपर कलेक्टर, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर नियुक्त किया गया है।

  2. सुमित यादव (RAS, 2015) – संयुक्त कलेक्टर, जांजगीर से स्थानांतरित होकर अब संयुक्त कलेक्टर, बिलासपुर बने।

  3. मीनाक्षी माडवी सोम ठाकुर (RAS, 2015) – अब तक संयुक्त कलेक्टर, धमतरी थीं, उन्हें संयुक्त कलेक्टर, बस्तर (जगदलपुर) की जिम्मेदारी दी गई है।

  4. पुष्पा प्रियंका नेताम (RAS, 2018) – जो पहले संयुक्त कलेक्टर, जांजगीर में पदस्थ थीं, अब उन्हें संयुक्त कलेक्टर, बलौदाबाजार नियुक्त किया गया है।

  5. अशोक कुमार महल (RAS, 2018) – डिप्टी कलेक्टर, उत्तर बस्तर कांकेर से स्थानांतरित होकर अब डिप्टी कलेक्टर, सरायपाली बिलाईगढ़ बनेंगे।

  6. सुष्री गीता रायस्त (RAS, 2018) – डिप्टी कलेक्टर, कवर्धा से अब उपायुक्त (राजस्व), संभागीय आयुक्त कार्यालय, बस्तर संभाग के रूप में नई जिम्मेदारी संभालेंगी।

बिलासपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, भेष बदल नशे के कारोबार पर कंसा शिकंजा

0

बिलासपुर। अवैध शराब के कारोबार पर शिकंजा कसने बिलासपुर पुलिस ने बेलगहना, कोटा और रतनपुर थाना क्षेत्रों में बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। श्रद्धालुओं के भेष में पहुंची पुलिस टीमों ने छापा मारकर कुल 606 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की है, जिसकी बाजार में कीमत लगभग 1 लाख 21 हजार रुपये आंकी गई है। इस पूरे अभियान में 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।

बेलगहना में मंदिर स्थल से भारी मात्रा में शराब जब्त

बेलगहना पुलिस ने मरहीमाता दर्शन स्थल पर श्रद्धालुओं के रूप में पहुंचकर छापा मारा। यहां रामचरण मरकाम और बृजेश यादव को रंगेहाथ पकड़ा गया। रामचरण के पास से 210 लीटर और बृजेश के पास से 140 लीटर शराब जब्त की गई। वहीं, शोभा बंजारे नामक महिला को बेलगहना के सतनामीपारा इलाके से 30 लीटर महुआ शराब के साथ गिरफ्तार किया गया। वह अपने घर में ही शराब बेचते पकड़ी गई।

कोटा व रतनपुर में भी दबिश, नष्ट की गई सैकड़ों लीटर शराब

कोटा पुलिस ने कपासिया कला और बिल्लीबंद गांवों में एक साथ दबिश दी। अमरीका बाई लहरे से 150 लीटर और छोटू उर्फ राजेश्वर बंजारे से 12 लीटर महुआ शराब जब्त की गई। इसके अतिरिक्त मौके पर 600–700 लीटर शराब को नष्ट किया गया। रतनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम लिम्हा में रहने वाले कृष्ण कुमार कोरम को 64 लीटर महुआ शराब के साथ गिरफ्तार किया गया। वह घर में ही अवैध शराब का निर्माण और बिक्री कर रहा था।

पुलिस की सख्ती से हड़कंप

पुलिस की इस कार्रवाई ने अवैध शराब माफियाओं में हड़कंप मचा दिया है। बेलगहना से लेकर रतनपुर तक पुलिस की रणनीति और भेष बदलकर की गई रेड से यह स्पष्ट हो गया है कि कानून की पकड़ से बचना अब नामुमकिन नहीं, नामुमकिन है। बिलासपुर पुलिस का कहना है कि यह अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा और अवैध शराब कारोबार पर पूरी सख्ती के साथ कार्रवाई की जाएगी।

मां-बेटी की घर के पास मिली लाशें, जांच में जुटी पुलिस

0

रायगढ़, छत्तीसगढ़। पुसौर थाना क्षेत्र से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां मंगलवार सुबह एक ही परिवार की दो महिलाओं की लाश मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। गायत्री मंदिर के पास रहने वाली उर्मिला सिदार और उनकी बेटी पुष्पा सिदार की लाशें उनके घर के पास संदिग्ध हालत में पाई गईं।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई। रायगढ़ एसपी दिव्यांग पटेल खुद मौके पर पहुंचे, साथ ही डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है। पुलिस शुरुआती जांच में हत्या की आशंका जता रही है। बताया जा रहा है कि मृतक उर्मिला सिदार अपनी दो बेटियों के साथ घर में रहती थी, लेकिन घटना की रात उसकी एक बेटी घर पर नहीं थी।

फिलहाल पुलिस स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है और हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। दोहरी हत्या की इस वारदात ने पूरे इलाके में डर और दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। पुलिस की टीम ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और जांच जारी है। जल्द ही मामले का खुलासा होने की उम्मीद जताई जा रही है।

देर रात क्लबों में पुलिस की छापेमारी, नशे में युवक-युवतियां मिले

0

रायपुर। राजधानी रायपुर में पुलिस एक्शन मोड में नजर आई। देर रात शहर के कई मशहूर क्लबों में छापेमार कार्रवाई की गई, जहां नशे में धुत युवक-युवतियों को पार्टी करते हुए पकड़ा गया। इस कार्रवाई से शहर के नाइटलाइफ और अवैध गतिविधियों पर सख्ती के संकेत मिले हैं। कार्रवाई नया रायपुर के एएसपी विवेक शुक्ला के नेतृत्व में की गई। टीम ने IP क्लब और एल्सवेयर क्लब सहित अन्य स्थानों पर अचानक दबिश दी। पुलिस को सूचना मिली थी कि इन क्लबों में तय समय सीमा के बाद भी पार्टी जारी है और खुलेआम शराब परोसी जा रही है।

तय समय के बाद भी खुले थे क्लब
रायपुर पुलिस की टीम जब क्लबों में पहुंची, तब रात काफी हो चुकी थी। क्लब को निर्धारित समय के अनुसार बंद कर दिया जाना चाहिए था, लेकिन क्लब संचालक नियमों को दरकिनार कर देर रात तक शराब और तेज म्यूजिक के साथ पार्टी चलवा रहे थे।

नशे में मिले युवक-युवतियां, पुलिस ने लगाई फटकार
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने देखा कि कई युवक-युवतियां नशे की हालत में पार्टी में शामिल थे। कुछ की हालत इतनी खराब थी कि उन्हें बाहर लाने के लिए स्टाफ की मदद लेनी पड़ी। पुलिस ने मौके पर ही क्लब संचालकों को जमकर फटकार लगाई और क्लब प्रबंधन को नियमों का पालन करने की सख्त चेतावनी दी।

शराब परोसने पर कसा शिकंजा
पुलिस ने उन क्लबों की भी जांच की जहां बिना लाइसेंस के शराब परोसी जा रही थी या तय मात्रा से अधिक शराब स्टॉक रखा गया था। मामले में कुछ क्लब संचालकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

ASP विवेक शुक्ला की चेतावनी
एएसपी विवेक शुक्ला ने मीडिया को बताया कि “शहर में कानून व्यवस्था को बनाए रखने के लिए यह जरूरी है कि सभी क्लब नियमों का पालन करें। देर रात तक नशा और तेज आवाज में संगीत से स्थानीय लोगों को परेशानी होती है। अब से ऐसी गतिविधियों पर सख्त नजर रखी जाएगी।” रायपुर पुलिस ने संकेत दिए हैं कि ऐसी छापेमारी आगे भी जारी रहेगी। प्रशासन की ओर से क्लबों को नियमों की याद दिलाई गई है और कहा गया है कि यदि उल्लंघन दोहराया गया, तो लाइसेंस रद्द करने की कार्रवाई भी की जा सकती है।

तोहफे पर विवाद बना जानलेवा, नाबालिग लड़की की हत्या

0

नई दिल्ली | दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के कैंट इलाके से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां मामूली विवाद में एक युवक ने नाबालिग लड़की की चाकू घोंपकर हत्या कर दी। यह घटना 6 अप्रैल को हुई, लेकिन आरोपी की गिरफ्तारी अब जाकर हुई है। पुलिस ने बताया कि आरोपी युवक अमित ने हत्या से पहले पीड़िता को जान से मारने की धमकी भी दी थी।

क्या था मामला?
जानकारी के मुताबिक, आरोपी अमित ने लड़की को कुछ अन्य लड़कों से तोहफे न लेने के लिए टोका था। इस पर लड़की ने तैश में आकर जवाब दिया – “अगर मैं ले लूं तो तुम क्या कर लोगे? ज़्यादा बोलोगे तो तुम्हें मरवा दूंगी।”
लड़की की यह प्रतिक्रिया अमित को इतनी नागवार गुज़री कि उसने उसी वक्त चाकू निकालकर लड़की पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। पुलिस रिपोर्ट में कहा गया है कि हमले में लड़की की गर्दन और पेट पर गंभीर चोटें आई थीं, जिससे उसकी सांस की नली तक कट गई थी। अस्पताल में भर्ती कराए जाने के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।

खुद को भी चाकू मारा आरोपी ने
हत्या के बाद आरोपी ने खुद को भी चाकू से घायल कर लिया और अस्पताल में भर्ती हो गया। पुलिस ने जैसे ही डॉक्टरों ने उसे फिट घोषित किया, उसे तत्काल गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस इस मामले को पूरी गंभीरता से देख रही है और सभी पहलुओं पर जांच जारी है। आरोपी के खिलाफ हत्या और धमकी देने जैसी गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है। यह वारदात कई सवाल खड़े करती है — क्या हमारी युवा पीढ़ी भावनात्मक रूप से इतनी अस्थिर हो चुकी है? क्या मामूली तकरार अब सीधे हिंसा में बदलती जा रही है? इन सवालों के जवाब ढूंढना अब समाज और कानून व्यवस्था दोनों की जिम्मेदारी है।

पत्रकार को कुचलने का प्रयास – अब पुलिस की ग़िरफ़्त में, जानें पूरा मामला

0

रायपुर, 14 अप्रैल 2025 – राजधानी रायपुर में एक बार फिर पत्रकारों की सुरक्षा और पुलिस की निष्पक्षता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। मामला तेलीबांधा थाना क्षेत्र का है, जहां ‘JNR कैटरर्स’ के संचालक और इंस्टाग्राम ब्लॉगर अजय महापात्र (Instagram ID: गरम मसाला 420) ने शराब के नशे में पत्रकार को अपनी कार से कुचलने की कोशिश की। आरोप है कि अजय महापात्र, नीले रंग की स्विफ्ट डिजायर (MP 18 CA 0965) से नशे की हालत में पत्रकार के पास पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए जानलेवा हमला करने का प्रयास किया। तेलीबांधा पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को वीआईपी चौक से गिरफ्तार किया और थाने लाया गया।

पुलिस पर दबाव, समझौता और फिर धमकी
हालांकि, घटनाक्रम यहीं नहीं रुका। सूत्रों के मुताबिक, थाने में पहुंचने के बाद राजनीतिक और सामाजिक रसूखदारों के दबाव में पुलिस ने पीड़ित पत्रकार से समझौता करवा दिया। लेकिन अगले ही दिन अजय महापात्र ने पत्रकार को फिर से फोन कर जान से मारने की धमकी दे डाली। इससे क्षुब्ध होकर पत्रकार ने पहले किए गए समझौते को रद्द कराया और थाना प्रभारी नरेंद्र मिश्रा को पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया। पुलिस ने दोबारा हरकत में आते हुए मोबाइल ट्रेस किया और आरोपी को फिर से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।

पहले भी विवादों में रहा है अजय महापात्र
यह कोई पहली बार नहीं है जब अजय महापात्र कानून की पकड़ में आया हो। इससे पहले भी वह रायपुर के एक क्लब में हुए विवाद में शामिल रहा है, जहां एक युवती को लेकर हुए झगड़े में वह नशे की हालत में हंगामा करता पाया गया था। क्लब से निकाले जाने पर उसने हाईवे पर खुलेआम मारपीट शुरू कर दी थी। यह मामला भी खूब सुर्खियों में रहा था और आरोपी को जेल भेजा गया था।

दबंगई और कानून की अवहेलना
लगातार सामने आ रही घटनाएं यह संकेत देती हैं कि अजय महापात्र एक आदतन अपराधी मानसिकता का व्यक्ति है, जो रसूख और शराब के नशे में पुलिस व्यवस्था को भी ठेंगा दिखाता है। आम नागरिकों और पत्रकारों की सुरक्षा पर उसका सीधा खतरा बना हुआ है।

इस घटना के बाद पत्रकार संगठनों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने पुलिस प्रशासन से आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं, यह भी मांग उठी है कि ऐसे व्यक्तियों को राजनीतिक या सामाजिक संरक्षण प्रदान करने वालों की भी जांच होनी चाहिए।

आत्मसमर्पण पर दोगुना इनाम, नक्सल मुक्त गांवों को मिलेंगे करोड़ो

0

New Naxal policy in Chhattisgarh- छत्तीसगढ़ में नक्सल हिंसा से निपटने के लिए सरकार ने बड़ा दांव खेला है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में तैयार की गई नई नक्सल आत्मसमर्पण नीति अब तक की सबसे आक्रामक और आकर्षक पहल मानी जा रही है। इस नीति के ज़रिए सरकार नक्सलियों को मुख्यधारा में लौटने के लिए आर्थिक और सामाजिक प्रलोभन का एक ठोस रास्ता दे रही है।

New Naxal policy in Chhattisgarh- नई नीति में सबसे अहम बात यह है कि यदि नक्सली संगठन की किसी यूनिट के 80% या उससे अधिक सदस्य सामूहिक आत्मसमर्पण करते हैं, तो उन्हें उनके ऊपर घोषित इनामी राशि का दोगुना भुगतान किया जाएगा। यह कदम नक्सली गुटों को सामूहिक तौर पर तोड़ने की एक रणनीति के रूप में देखा जा रहा है। इतना ही नहीं, यदि कोई ग्राम पंचायत क्षेत्र नक्सल मुक्त घोषित होता है, जहां सक्रिय सभी नक्सली और मिलिशिया सदस्य हथियार डाल देते हैं, तो सरकार वहां एक करोड़ रुपये तक के विशेष विकास कार्य स्वीकृत करेगी। यह प्रावधान सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, नारायणपुर और कांकेर जैसे अति नक्सल प्रभावित जिलों में लागू किया जाएगा।

पारिवारिक आत्मसमर्पण पर भी मिलेगा अलग-अलग लाभ
यदि किसी नक्सली दंपति द्वारा आत्मसमर्पण किया जाता है, तो दोनों को अलग-अलग इकाई मानते हुए पुनर्वास योजनाओं का लाभ मिलेगा। इनामी राशि का निर्धारण भी दोनों के लिए पृथक रूप से किया जाएगा। हालांकि यदि किसी योजना में दोनों को एक इकाई माना गया है, तो उसी नियम के अनुसार लाभ प्रदान किया जाएगा।

10 दिन में सहायता राशि देने का निर्देश
आत्मसमर्पण के बाद राहत और सहायता की प्रक्रिया को भी तेज कर दिया गया है। गृह विभाग के बजट से यह राशि उपलब्ध कराई जाएगी और ज़िला कलेक्टर को यह सुनिश्चित करना होगा कि आत्मसमर्पण के 10 दिनों के भीतर पूरी राशि संबंधित व्यक्ति को प्रदान कर दी जाए।

अपराधों पर पुनर्विचार संभव
अगर आत्मसमर्पित नक्सली पर पूर्व में आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं, तो मंत्रिपरिषद की उप समिति उसके 6 महीने के अच्छे आचरण और नक्सलवाद उन्मूलन में सहयोग को देखते हुए इन मामलों को समाप्त करने पर विचार कर सकती है।

छत्तीसगढ़ सरकार की यह नई नीति नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में एक निर्णायक मोड़ लाने की संभावना रखती है। सरकार जहां हिंसा से लड़ने के लिए सख्ती दिखा रही है, वहीं हथियार छोड़ने वालों के लिए उम्मीद की नई राह खोल रही है। अब देखना यह होगा कि यह नई नीति कितनी ज़मीन पर उतरती है, और क्या वाकई यह बंदूक थामे युवाओं को किताब और कुदाल की ओर मोड़ पाती है।

नई ग्रैंड विटारा भारत में लॉन्च, सेफ्टी, टेक्नोलॉजी और कम्फर्ट में हुआ बड़ा अपडेट

0

नई दिल्ली : देश की अग्रणी ऑटोमोबाइल निर्माता मारुति सुजुकी ने अपनी दमदार और लोकप्रिय SUV ग्रैंड विटारा का नया वर्जन भारतीय बाजार में पेश कर दिया है। कंपनी ने इस बार सेफ्टी फीचर्स पर बड़ा फोकस करते हुए गाड़ी को पहले से कहीं ज्यादा सुरक्षित और एडवांस बना दिया है। खास बात यह है कि अब सभी वेरिएंट्स में 6 एयरबैग्स स्टैंडर्ड मिलेंगे, जो इसे अपने सेगमेंट में एक मजबूत विकल्प बनाते हैं। साथ ही नई ग्रैंड विटारा अब 18 वेरिएंट्स में ग्राहकों को उपलब्ध होगी। इसकी शुरुआती कीमत ₹11.42 लाख (एक्स-शोरूम) रखी गई है।

अपडेटेड ग्रैंड विटारा को सबसे बड़ा अपग्रेड इसके सेफ्टी डिपार्टमेंट में मिला है। अब इस SUV के सभी वेरिएंट्स में 6 एयरबैग स्टैंडर्ड दिए जा रहे हैं, जो इससे पहले केवल कुछ चुनिंदा ट्रिम्स में ही उपलब्ध थे। इसके अलावा, वाहन में इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी प्रोग्राम (ESP), एंटी-लॉक ब्रेकिंग सिस्टम (ABS), इलेक्ट्रॉनिक ब्रेकफोर्स डिस्ट्रीब्यूशन (EBD) जैसे फुल-प्रूफ सेफ्टी फीचर्स शामिल किए गए हैं। फ्रंट और रियर दोनों में डिस्क ब्रेक्स की सुविधा दी गई है जो तेज रफ्तार में भी बेहतरीन कंट्रोल प्रदान करते हैं। बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए SUV में अब ISOFIX चाइल्ड सीट एंकर्स भी स्टैंडर्ड शामिल किए गए हैं, जो अंतरराष्ट्रीय सेफ्टी मानकों के अनुरूप हैं।

नई ग्रैंड विटारा सिर्फ सेफ्टी ही नहीं, बल्कि कम्फर्ट और टेक्नोलॉजी के मामले में भी पूरी तरह से अपग्रेड हो गई है। अब इसमें 8-वे पावर्ड ड्राइवर सीट दी जा रही है, जिससे ड्राइविंग पोजिशन को अपनी सुविधा के अनुसार आसानी से एडजस्ट किया जा सकता है। यह फीचर लंबे समय तक सफर करने वाले ड्राइवर्स के लिए खासा उपयोगी साबित होगा।

SUV में अब इलेक्ट्रॉनिक पार्किंग ब्रेक का फीचर भी जोड़ा गया है, जो हिल-होल्ड कंट्रोल और हिल डिसेंट असिस्ट के साथ आता है। इसके अलावा, नई ग्रैंड विटारा में अब PM 2.5 एयर प्यूरीफायर भी शामिल है, जो केबिन में साफ और प्रदूषण-मुक्त हवा सुनिश्चित करता है।

ग्राहकों की टेक्नोलॉजिकल जरूरतों को समझते हुए मारुति ने इस बार SUV में एक नया 9-इंच का SmartPlay Pro+ इंफोटेनमेंट सिस्टम जोड़ा है। यह सिस्टम हाई रेजोल्यूशन टचस्क्रीन के साथ आता है और इसमें वायरलेस एंड्रॉइड ऑटो और एप्पल कारप्ले की सुविधा दी गई है, जिससे स्मार्टफोन को बिना केबल के ही कनेक्ट किया जा सकता है। इसके साथ ही, अब गाड़ी में 360 डिग्री व्यू कैमरा दिया गया है जो पार्किंग और टाइट स्पेस में ड्राइविंग को काफी आसान बनाता है। यह सुविधा पहले सिर्फ प्रीमियम सेगमेंट में ही देखने को मिलती थी।

हालांकि इस बार नई ग्रैंड विटारा के एक्सटीरियर और इंटीरियर डिज़ाइन में कोई बड़ा बदलाव नहीं किया गया है, लेकिन अपग्रेडेड फीचर्स और शानदार टेक्नोलॉजी की वजह से इसका ओवरऑल इम्प्रेशन पहले से कहीं ज्यादा प्रीमियम हो गया है। यह SUV अब युवा वर्ग से लेकर परिवारों तक, सभी को ध्यान में रखते हुए तैयार की गई है।

ऑटो एक्सपर्ट्स का मानना है कि सेगमेंट में बढ़ती प्रतिस्पर्धा को देखते हुए मारुति का यह कदम बेहद रणनीतिक है। 6 एयरबैग्स को स्टैंडर्ड करना जहां सरकार की आगामी सेफ्टी गाइडलाइंस के अनुरूप है, वहीं कस्टमर ट्रस्ट को भी मज़बूत करता है। नई ग्रैंड विटारा अब Hyundai Creta, Kia Seltos और Toyota Hyryder जैसी SUVs को सीधे टक्कर देने के लिए पूरी तरह तैयार है।

मारुति सुजुकी की नई ग्रैंड विटारा उन ग्राहकों के लिए एक बेहतरीन विकल्प बनकर आई है, जो सुरक्षा, आराम और टेक्नोलॉजी का परफेक्ट कॉम्बिनेशन तलाश रहे हैं। बढ़ते प्रतिस्पर्धा के दौर में कंपनी ने ग्राहकों को बेहतर मूल्य और परफॉर्मेंस देने की पूरी कोशिश की है। अगर आप इस सेगमेंट में एक भरोसेमंद, सुरक्षित और फीचर-लोडेड SUV की तलाश में हैं, तो नई ग्रैंड विटारा आपके लिए एक मजबूत दावेदार साबित हो सकती है।

हर्षोल्लास से मनाई गई बाबा साहब की जयंती, हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा ने किया शरबत वितरण

0

रायपुर, छत्तीसगढ़। रायपुर के घड़ी चौक के समीप अंबेडकर चौक में डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर भारी संख्या में लोग एकत्रित हुए और बाबा साहब को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान पूरे क्षेत्र में जय भीम के नारों और देशभक्ति के गीतों की गूंज रही। कार्यक्रम के दौरान हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा ने सामाजिक सेवा का परिचय देते हुए आमजनों के बीच शरबत वितरण किया। गर्मी के मौसम में यह पहल लोगों को राहत देने वाली रही और जनमानस द्वारा इसकी सराहना भी की गई।

हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा ने किया शरबत वितरण
हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा ने किया शरबत वितरण

इस अवसर पर हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा के अध्यक्ष इकराम सैफ़ी ने डॉ. अंबेडकर के विचारों को याद करते हुए “एकता, समानता और सामाजिक न्याय” का संदेश दिया। उन्होंने कहा,
“बाबा साहब ने हमें संविधान के रूप में जो अधिकार दिए हैं, उन्हें याद रखना और उनके विचारों को जीवन में अपनाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। हम सभी को बिना भेदभाव के समाज में सौहार्द बनाए रखना चाहिए।”

कार्यक्रम में हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा के सभी सदस्य उपस्थित रहे और बाबा साहब की तस्वीर पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

डॉ. अंबेडकर जयंती पर यह आयोजन सामाजिक एकता और सेवा भावना का प्रतीक बना और सभी वर्गों के लोगों ने मिलकर बाबा साहब के विचारों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।

दायरा’ में नज़र आएंगी करीना कपूर और पृथ्वीराज सुकुमारन, मेघना गुलज़ार की अगली क्राइम-थ्रिलर की हुई घोषणा

0

नई दिल्ली : बॉलीवुड अभिनेत्री करीना कपूर खान और मलयालम सुपरस्टार पृथ्वीराज सुकुमारन एक साथ मेघना गुलज़ार की अगली फिल्म ‘दायरा’ में नजर आएंगे। यह फिल्म एक क्राइम-ड्रामा थ्रिलर होगी, जिसका निर्देशन मेघना गुलज़ार करेंगी और निर्माण जंगली पिक्चर्स के बैनर तले किया जाएगा। इससे पहले मेघना गुलज़ार और जंगली पिक्चर्स ने ‘तलवार’ और ‘राज़ी’ जैसी सफल फिल्मों में साथ काम किया था।

करीना कपूर का 25 साल के करियर को खास अंदाज़ में सेलिब्रेट

करीना कपूर ने फिल्म को लेकर कहा, “हिंदी सिनेमा में 25 साल पूरे करने के इस खास मौके पर मैं ‘दायरा’ की घोषणा करते हुए बेहद उत्साहित हूं। मेघना गुलज़ार के साथ काम करना मेरे लिए एक सपने के सच होने जैसा है। मैं लंबे समय से उनकी फैन रही हूं। साथ ही पृथ्वीराज जैसे शानदार अभिनेता के साथ काम करना भी मेरे लिए बहुत खास है। फिल्म की कहानी बेहद साहसी और सोचने पर मजबूर करने वाली है।”

पृथ्वीराज सुकुमारन भी फिल्म को लेकर उत्साहित

वहीं पृथ्वीराज सुकुमारन ने कहा, “जब मैंने पहली बार फिल्म की स्क्रिप्ट सुनी, तभी तय कर लिया था कि मैं इस फिल्म का हिस्सा बनना चाहता हूं।”

मेघना गुलज़ार ने साझा किया निर्देशन का अनुभव

निर्देशक मेघना गुलज़ार ने फिल्म की थीम को लेकर कहा, “सीमा अग्रवाल और यश केसवानी के साथ इस कहानी को विकसित करना एक चुनौतीपूर्ण और रोमांचक सफर रहा। फिल्म ‘दायरा’ उस ग्रे ज़ोन को छूती है जो सही और गलत के बीच मौजूद होता है।”

जंगली पिक्चर्स की सीईओ अमृता पांडे ने मेघना की फिल्म बनाने की शैली की प्रशंसा करते हुए कहा कि, “वर्तमान समय की जटिलताओं को कहानी के ज़रिए जिस तरह से फिल्म उकेरेगी, वह दर्शकों को जरूर प्रभावित करेगी।”