देर रात क्लबों में पुलिस की छापेमारी, नशे में युवक-युवतियां मिले

Parivesh
देर रात क्लबों में पुलिस की छापेमारी,

रायपुर। राजधानी रायपुर में पुलिस एक्शन मोड में नजर आई। देर रात शहर के कई मशहूर क्लबों में छापेमार कार्रवाई की गई, जहां नशे में धुत युवक-युवतियों को पार्टी करते हुए पकड़ा गया। इस कार्रवाई से शहर के नाइटलाइफ और अवैध गतिविधियों पर सख्ती के संकेत मिले हैं। कार्रवाई नया रायपुर के एएसपी विवेक शुक्ला के नेतृत्व में की गई। टीम ने IP क्लब और एल्सवेयर क्लब सहित अन्य स्थानों पर अचानक दबिश दी। पुलिस को सूचना मिली थी कि इन क्लबों में तय समय सीमा के बाद भी पार्टी जारी है और खुलेआम शराब परोसी जा रही है।

तय समय के बाद भी खुले थे क्लब
रायपुर पुलिस की टीम जब क्लबों में पहुंची, तब रात काफी हो चुकी थी। क्लब को निर्धारित समय के अनुसार बंद कर दिया जाना चाहिए था, लेकिन क्लब संचालक नियमों को दरकिनार कर देर रात तक शराब और तेज म्यूजिक के साथ पार्टी चलवा रहे थे।

नशे में मिले युवक-युवतियां, पुलिस ने लगाई फटकार
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने देखा कि कई युवक-युवतियां नशे की हालत में पार्टी में शामिल थे। कुछ की हालत इतनी खराब थी कि उन्हें बाहर लाने के लिए स्टाफ की मदद लेनी पड़ी। पुलिस ने मौके पर ही क्लब संचालकों को जमकर फटकार लगाई और क्लब प्रबंधन को नियमों का पालन करने की सख्त चेतावनी दी।

शराब परोसने पर कसा शिकंजा
पुलिस ने उन क्लबों की भी जांच की जहां बिना लाइसेंस के शराब परोसी जा रही थी या तय मात्रा से अधिक शराब स्टॉक रखा गया था। मामले में कुछ क्लब संचालकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

ASP विवेक शुक्ला की चेतावनी
एएसपी विवेक शुक्ला ने मीडिया को बताया कि “शहर में कानून व्यवस्था को बनाए रखने के लिए यह जरूरी है कि सभी क्लब नियमों का पालन करें। देर रात तक नशा और तेज आवाज में संगीत से स्थानीय लोगों को परेशानी होती है। अब से ऐसी गतिविधियों पर सख्त नजर रखी जाएगी।” रायपुर पुलिस ने संकेत दिए हैं कि ऐसी छापेमारी आगे भी जारी रहेगी। प्रशासन की ओर से क्लबों को नियमों की याद दिलाई गई है और कहा गया है कि यदि उल्लंघन दोहराया गया, तो लाइसेंस रद्द करने की कार्रवाई भी की जा सकती है।

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *