Gwalior NEET-CBSE Protest: ग्वालियर। देशभर में नीट और सीबीएसई परीक्षाओं को लेकर उठ रहे सवालों के बीच ग्वालियर में युवक कांग्रेस ने केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। युवक कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब के नेतृत्व में हजारों कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे और मशाल जुलूस निकालकर परीक्षा प्रणाली में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ अपना आक्रोश जाहिर किया। प्रदर्शन के दौरान केंद्र सरकार और केंद्रीय शिक्षा मंत्री के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।
Gwalior NEET-CBSE Protest: गांधी क्लब, आकाशवाणी तिराहा से शुरू हुआ मशाल जुलूस थाटीपुर चौराहे तक पहुंचा। हाथों में मशाल लिए युवा कार्यकर्ताओं ने परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता की मांग उठाते हुए सरकार पर छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ करने का आरोप लगाया। पूरे मार्ग पर “युवा विरोधी सरकार जवाब दो” और “छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ बंद करो” जैसे नारों से माहौल गूंजता रहा।
युवाओं के भविष्य पर सवाल, सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
Gwalior NEET-CBSE Protest: जुलूस के बाद आयोजित सभा को संबोधित करते हुए युवक कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब ने कहा कि देश के लाखों छात्र वर्षों की मेहनत और संघर्ष के बाद प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल होते हैं, लेकिन बार-बार सामने आने वाली अनियमितताओं और कथित फर्जीवाड़े से उनकी मेहनत पर पानी फिर जाता है। उन्होंने कहा कि परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता लगातार कमजोर हो रही है, जिससे छात्रों और अभिभावकों का भरोसा डगमगा रहा है।
Gwalior NEET-CBSE Protest: उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार परीक्षा व्यवस्थाओं को पारदर्शी और सुरक्षित बनाने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। यदि समय रहते सुधारात्मक कदम नहीं उठाए गए, तो देश का युवा वर्ग सड़कों पर उतरकर अपना हक मांगने को मजबूर होगा।
केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग
Gwalior NEET-CBSE Protest: सभा के दौरान युवक कांग्रेस नेताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग की। नेताओं का कहना था कि जब तक परीक्षा विवादों की निष्पक्ष जांच नहीं होती और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई नहीं की जाती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
Gwalior NEET-CBSE Protest: उदय भानु चिब ने कहा कि यह लड़ाई किसी राजनीतिक दल की नहीं, बल्कि देश के करोड़ों छात्रों के भविष्य की है। युवाओं के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और हर स्तर पर संघर्ष जारी रहेगा।
आंदोलन को और व्यापक बनाने की चेतावनी
Gwalior NEET-CBSE Protest: युवक कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि सरकार छात्रों की मांगों को गंभीरता से नहीं लेती, तो आने वाले दिनों में प्रदेशभर में बड़े स्तर पर प्रदर्शन और जनआंदोलन किए जाएंगे। संगठन ने परीक्षा प्रणाली में पूर्ण पारदर्शिता, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और छात्रों के हितों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग दोहराई।
सुरक्षा व्यवस्था के बीच निकला जुलूस
Gwalior NEET-CBSE Protest: प्रदर्शन के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। जुलूस मार्ग पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। हालांकि प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा, लेकिन युवाओं का आक्रोश और नाराजगी साफ तौर पर दिखाई दी।
Gwalior NEET-CBSE Protest: युवक कांग्रेस का कहना है कि जब तक छात्रों को न्याय नहीं मिलता और परीक्षा प्रणाली पर उठे सवालों का संतोषजनक जवाब नहीं मिलता, तब तक उनका आंदोलन लगातार जारी रहेगा।









