Rajim News: राजिम। गरियाबंद जिले के तर्रा गांव में 32 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। मायके पक्ष की ओर से हत्या की आशंका जताए जाने के बाद पांडुका पुलिस ने फोरेंसिक टीम और राजिम के नायब तहसीलदार की मौजूदगी में कब्र की दोबारा खुदाई कराई। इसके बाद शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
Rajim News: 16 सितंबर की रात हुई थी मौत
मृतका की पहचान बबीता (32) के रूप में हुई है। मायके पक्ष के मुताबिक, 16 सितंबर को बबीता के भाई ने तीजा के बाद उसे ससुराल में स्वस्थ हालत में छोड़ा था। इसके बाद 16 सितंबर की दरम्यानी रात उसकी मौत हो गई। ससुराल पक्ष ने 17 सितंबर को उसका अंतिम संस्कार कर दिया था।
मायके पक्ष ने जताई हत्या की आशंका
मृतका के मायके वालों ने उसके नाक पर खून के निशान समेत कुछ अन्य परिस्थितियों को संदिग्ध बताते हुए पुलिस से मामले की जांच की मांग की। परिवार ने हत्या की आशंका भी जताई है। मायके पक्ष का दावा है कि बबीता और उसके पति मनोज के बीच अक्सर घरेलू विवाद होते थे। परिवार के मुताबिक, मनोज के खिलाफ वर्ष 2019 में मारपीट का मामला भी दर्ज हुआ था। हालांकि, महिला की मौत की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है।
Rajim News: पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
Rajim News: मायके पक्ष की शिकायत और परिस्थितियों को देखते हुए प्रशासन की अनुमति के बाद पुलिस ने शव को कब्र से बाहर निकलवाया। फोरेंसिक टीम की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के आधार पर ही मौत की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।






