Youth Congress Raigarh Meeting : गौरी शंकर गुप्ता/घरघोड़ा (रायगढ़): युवा कांग्रेस रायगढ़ ग्रामीण के जिलाध्यक्ष उस्मान बेग के निर्देश पर घरघोड़ा ब्लॉक के कार्यकर्ताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक स्थानीय फार्म हाउस में संपन्न हुई। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य संगठन की सक्रियता बढ़ाना और आगामी महीनों के लिए शीर्ष नेतृत्व द्वारा दिए गए लक्ष्यों को पूरा करना रहा।
बूथ स्तर तक होगा संगठन का विस्तार
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष उस्मान बेग ने कड़े निर्देश दिए कि इसी माह के भीतर ब्लॉक कमेटी से लेकर नगर और बूथ कमेटी का विस्तार कार्य पूर्ण कर लिया जाए। उन्होंने कहा, “हमें हर पदाधिकारी की जिम्मेदारी तय करनी होगी और कमेटियों को सत्यापित कर उन्हें सक्रिय करना होगा।” जनता के मुद्दों पर ‘निर्णायक लड़ाई’ की तैयारी बैठक में यह भी तय किया गया कि क्षेत्र की मुख्य समस्याओं और युवाओं से जुड़े मुद्दों को चिन्हित किया जाएगा। युवा कांग्रेस इन समस्याओं के समाधान के लिए सड़क पर उतरकर निर्णायक लड़ाई लड़ेगी। पूर्व विधायक प्रतिनिधि किरोड़ी तायल और नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेन्द्र चौधर ने युवाओं में ऊर्जा भरते हुए उन्हें पार्टी की विचारधारा से जोड़ने का आह्वान किया।
बैठक में ये रहे मौजूद
इस महत्वपूर्ण बैठक में मुख्य अतिथि उस्मान बेग के साथ पूर्व विधायक प्रतिनिधि किरोड़ी तायल, नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेन्द्र चौधर, उपाध्यक्ष अमित त्रिपाठी, और धनेश्वर साहू प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। सभी नेताओं ने एक स्वर में संगठन की मजबूती पर जोर दिया।











