निशानेबाज न्यूज़ डेस्क : अगर आपका यूरिन सामान्य से ज्यादा पीला नजर आ रहा है, तो इसे हल्के में लेना ठीक नहीं है। अक्सर लोग इसे मामूली मानकर नजरअंदाज कर देते हैं, लेकिन यूरिन का रंग शरीर की अंदरूनी सेहत के कई अहम संकेत देता है। सवाल यह है कि क्या पीला यूरिन लिवर की बीमारी का लक्षण हो सकता है? इस बारे में हमने एम्स में सीनियर रेजिडेंट डॉ. हिमांशु भदानी से बातचीत की।
पानी की कमी सबसे आम वजह
इस बाबत AIIMS के डॉ. हिमांशु भदानी बताते हैं कि यूरिन के पीले रंग की सबसे सामान्य वजह शरीर में पानी की कमी है। जब व्यक्ति पर्याप्त मात्रा में पानी नहीं पीता, तो शरीर डिहाइड्रेट हो जाता है। ऐसे में यूरिन ज्यादा गाढ़ा हो जाता है और उसका रंग गहरा पीला दिखाई देता है। यह स्थिति लंबे समय तक बनी रहे तो किडनी पर भी असर पड़ सकता है।
सप्लीमेंट्स भी बदल सकते हैं रंग
डॉक्टर के अनुसार, अगर कोई व्यक्ति जरूरत से ज्यादा विटामिन सप्लीमेंट, खासतौर पर विटामिन B12 लेता है, तो भी यूरिन का रंग पीला या चमकीला हो सकता है। यह आमतौर पर नुकसानदेह नहीं होता, लेकिन लगातार ऐसा होना जांच की मांग करता है।
क्या पीला यूरिन लिवर की बीमारी से जुड़ा है?
इस सवाल पर डॉ. भदानी साफ कहते हैं कि हां, कुछ मामलों में पीला या चाय के रंग जैसा यूरिन लिवर की खराबी का संकेत हो सकता है। खासतौर पर फैटी लिवर की स्थिति में यूरिन का रंग गहरा हो सकता है। इसका कारण यह है कि लिवर जब बिलीरुबिन को ठीक से प्रोसेस नहीं कर पाता, तो यह खून में जमा होकर यूरिन के रास्ते बाहर निकलता है।
Read More : OTT पर आते ही क्यों विवादों में फंसी रणवीर सिंह की ‘धुरंधर’, जानें नेटफ्लिक्स से क्यों नाराज़ दर्शक
बिलीरुबिन और लिवर का कनेक्शन
स्वस्थ लिवर बिलीरुबिन को प्रोसेस करके शरीर से बाहर निकाल देता है। लेकिन जब लिवर कमजोर पड़ता है या उस पर काम का दबाव बढ़ जाता है, तो बिलीरुबिन की मात्रा खून में बढ़ जाती है। इसका असर सीधे यूरिन के रंग पर पड़ता है, जिससे वह गहरा पीला दिखाई देता है।
इन लक्षणों के साथ हो तो न करें अनदेखी
अगर पीले यूरिन के साथ आंखों या त्वचा का पीलापन, थकान, हल्के रंग का स्टूल या पेट दर्द भी महसूस हो, तो यह लिवर से जुड़ी गंभीर समस्या का संकेत हो सकता है। ऐसी स्थिति में तुरंत डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है।
स्वस्थ यूरिन का रंग कैसा होना चाहिए?
डॉ. भदानी के मुताबिक, स्वस्थ व्यक्ति का यूरिन हल्का पीला होना चाहिए। यह इस बात का संकेत है कि शरीर में पानी की मात्रा संतुलित है और लिवर सही तरीके से काम कर रहा है।











