Vice President Election : नई दिल्ली। आगामी उपराष्ट्रपति चुनाव को लेकर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) ने अपने उम्मीदवार के तौर पर सीपी राधाकृष्णन (CP Radhakrishnan) पर दांव लगाया है। सोमवार को उन्होंने संसद भवन में नामांकन दाखिल किया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उनके पहले प्रस्तावक बने। गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा सहित कई वरिष्ठ नेता इस मौके पर मौजूद रहे।
Vice President Election : नामांकन से पहले राधाकृष्णन ने संसद परिसर में गांधी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। नामांकन दाखिल करने के दौरान एनडीए की एकजुटता साफ नजर आई। बीजेपी के साथ-साथ सहयोगी दलों के बड़े नेता प्रफुल्ल पटेल, चिराग पासवान, ललन सिंह, जीतन राम मांझी, किरेन रिजिजू और अर्जुन राम मेघवाल भी मौजूद रहे।
उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए 9 सितंबर को वोटिंग और काउंटिंग एक ही दिन होगी। नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 21 अगस्त है जबकि उम्मीदवार 25 अगस्त तक अपनी उम्मीदवारी वापस ले सकते हैं। इस बार एनडीए उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन का मुकाबला विपक्षी गठबंधन के उम्मीदवार और सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जज बी. सुदर्शन रेड्डी से होगा। खास बात यह है कि दोनों ही उम्मीदवार दक्षिण भारत से आते हैं।
कौन हैं सीपी राधाकृष्णन?
68 वर्षीय राधाकृष्णन तमिलनाडु के तिरुपुर में जन्मे और चार दशक से अधिक समय से सक्रिय राजनीति का हिस्सा रहे हैं। 1974 में उन्होंने भारतीय जनसंघ से अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत की और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से भी जुड़े रहे। वह 1998 और 1999 में कोयंबटूर से लोकसभा सांसद चुने गए। इसके अलावा, वे तमिलनाडु बीजेपी के अध्यक्ष, झारखंड और तेलंगाना के राज्यपाल और पुडुचेरी के उपराज्यपाल भी रह चुके हैं।











