निशानेबाज न्यूज़ डेस्क : अमेरिका में जन्म लेने वाले बच्चों के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए सरकार ने एक अनोखी और महत्वाकांक्षी योजना शुरू की है। इस योजना के तहत हर योग्य नवजात बच्चे को सरकार की ओर से 1,000 डॉलर (करीब 92 हजार रुपये) दिए जाएंगे। यह राशि बच्चे के नाम से खोले जाने वाले एक विशेष निवेश खाते में जमा होगी, जिसे ‘ट्रम्प अकाउंट’ कहा जा रहा है।
क्या है ट्रम्प अकाउंट योजना
व्हाइट हाउस के अनुसार, यह एक टैक्स-फ्री सेविंग और इन्वेस्टमेंट अकाउंट होगा, जिसमें सरकार शुरुआती निवेश करेगी। इस खाते में जमा रकम को शेयर बाजार से जोड़ा जाएगा, ताकि समय के साथ इसकी वैल्यू बढ़ती रहे। इस योजना का लाभ 1 जनवरी 2025 से 31 दिसंबर 2028 के बीच अमेरिका में जन्म लेने वाले बच्चों को मिलेगा। अनुमान है कि हर साल करीब 36 लाख नवजात इससे लाभान्वित होंगे।
Read More : शेयर मार्केट निवेश के नाम पर भोपाल में करीब 10 लाख की साइबर ठगी, दो युवक गिरफ्तार
18 साल बाद मिलेगा फंड का पूरा लाभ
सरकार का उद्देश्य बच्चों को जन्म से ही आर्थिक आधार देना है, ताकि वे 18 साल की उम्र में इस फंड का उपयोग पढ़ाई, बिजनेस शुरू करने, घर खरीदने या अन्य जरूरी जरूरतों के लिए कर सकें। आमतौर पर 18 साल से पहले इस खाते से पैसा निकालने की अनुमति नहीं होगी।
बड़ी कंपनियों का मिला समर्थन
अब यह योजना सिर्फ सरकारी स्तर तक सीमित नहीं रही। बैंक ऑफ अमेरिका और जेपी मॉर्गन चेस जैसी दिग्गज कंपनियों ने घोषणा की है कि वे अपने कर्मचारियों के बच्चों के ट्रम्प अकाउंट में सरकार की तरह 1,000 डॉलर की अतिरिक्त राशि जमा करेंगी।
इसके अलावा, टेक्नोलॉजी उद्यमी माइकल डेल और सुसन डेल ने 2.5 करोड़ बच्चों के लिए 250 डॉलर प्रति बच्चे के हिसाब से कुल 6.25 अरब डॉलर दान करने की घोषणा की है। ब्लैकरॉक, चार्ल्स श्वाब, BNY और चार्टर कम्युनिकेशंस भी इस योजना के समर्थक बन चुके हैं।
ट्रम्प का बड़ा दावा
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा,
“अब तक सरकारें अगली पीढ़ी को सिर्फ कर्ज देती आई हैं, लेकिन हमारी सरकार हर बच्चे को असली संपत्ति और आर्थिक आज़ादी दे रही है।”
समर्थन और विरोध दोनों
समर्थकों का कहना है कि इससे ज्यादा लोग शेयर बाजार से जुड़ेंगे और गरीबी में जन्मे बच्चों को भी अमेरिका की संपत्ति में हिस्सेदारी मिलेगी। वहीं आलोचकों का आरोप है कि अमीर परिवार ज्यादा निवेश कर पाएंगे, जबकि गरीब परिवार पीछे रह जाएंगे।
हालांकि अनुमान के मुताबिक, अगर सरकारी 1,000 डॉलर पर 7% सालाना रिटर्न मिला, तो 18 साल में यह रकम बढ़कर लगभग 3.1 लाख रुपये हो सकती है।











