Friday, August 21, 2026
Home Chhattisgarh School Annual Function 2026 : खरोरा: संयुक्त वार्षिकोत्सव में गूंजी छत्तीसगढ़ी लोक...

School Annual Function 2026 : खरोरा: संयुक्त वार्षिकोत्सव में गूंजी छत्तीसगढ़ी लोक संस्कृति की धमक; स्कूली बच्चों की प्रतिभा देख मंत्रमुग्ध हुए दर्शक

School Annual Function 2026 : खरोरा (रोहित वर्मा)। नगर के शासकीय प्राथमिक शाला, नवीन प्राथमिक शाला, पूर्व माध्यमिक शाला एवं प्राथमिक शाला नायकटांड़ के संयुक्त तत्वावधान में शाला वार्षिकोत्सव का भव्य और गरिमामय आयोजन संपन्न हुआ। इस उत्सव में स्कूली बच्चों ने छत्तीसगढ़ी लोक संस्कृति से लेकर आधुनिक सामाजिक विषयों पर ऐसी प्रस्तुतियां दीं कि पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

अतिथियों ने बढ़ाया बच्चों का उत्साह कार्यक्रम की मुख्य अतिथि नगर पंचायत खरोरा की अध्यक्ष श्रीमती सुनीता अनिल सोनी रहीं। उन्होंने अपने संबोधन में बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ कला के क्षेत्र में भी नगर और राज्य का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सुरेश कुमार साहू ने की, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में बीआरसीसी देवेन्द्र सिंह ठाकुर, प्राचार्य श्रीमती रजनी मिंज और पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष अनिल सोनी सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में ‘मिनी छत्तीसगढ़’ के दर्शन मंच पर जब बच्चों ने सुवा, करमा, ददरिया, पंथी और राऊत नाचा जैसे लोक नृत्यों की प्रस्तुति दी, तो ऐसा लगा मानो पूरा छत्तीसगढ़ एक मंच पर सिमट आया हो। ‘देश रंगीला’, ‘कान्हा रे’ और ‘तीन बाण के धारी’ जैसे गीतों पर बच्चों के सधे हुए कदमों ने दर्शकों को बांधे रखा। विशेष रूप से प्राथमिक शाला के बच्चों द्वारा “मोबाइल के दुष्परिणाम” विषय पर दी गई संदेशात्मक प्रस्तुति की खूब सराहना हुई।

इनका रहा विशेष योगदान कार्यक्रम को सफल बनाने में संस्था प्रमुख सुश्री जीरा पाध्याय, नीलम एक्का, श्रीमती इंद्राणी वर्मा और लक्ष्मण सिंह वर्मा का महत्वपूर्ण योगदान रहा। मंच का शानदार संचालन शिक्षक रमेश वर्मा एवं मोहित साहू ने किया। साज-सज्जा और तकनीकी सहयोग में प्रीति वर्मा, दुर्गेश नंदिनी शर्मा, मंदाकिनी चंद्राकर, पूर्णिमा निर्मलकर सहित समस्त शिक्षक स्टाफ ने सक्रिय भूमिका निभाई।

कार्यक्रम के अंत में उन नन्हे कलाकारों को दर्शकों की ओर से उत्साहवर्धन हेतु नकद पुरस्कार भी दिए गए जिन्होंने अपनी कला से सबका दिल जीत लिया। बड़ी संख्या में उपस्थित पालकों और क्षेत्रवासियों ने इस आयोजन को बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए एक बेहतरीन मंच बताया।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here