Tikamgarh News: जमील खान \टीकमगढ़। मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ जिले में सोशल मीडिया पर जतारा विधायक हरिशंकर खटीक के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान पलेरा क्षेत्र के समीप स्थित लारौन गांव निवासी रिंकू पाठक के रूप में हुई है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) और सूचना प्रौद्योगिकी (IT) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
फेसबुक कमेंट को लेकर दर्ज हुई शिकायत
Tikamgarh News: पुलिस के अनुसार, रोहित चौरसिया ने जतारा थाने में लिखित शिकायत देकर आरोप लगाया कि 1 जुलाई 2026 को फेसबुक पर की गई एक पोस्ट के कमेंट सेक्शन में रिंकू पाठक ने विधायक हरिशंकर खटीक के संबंध में कथित रूप से अभद्र, अपमानजनक और मानहानिकारक टिप्पणियां की थीं।शिकायतकर्ता का कहना है कि इन टिप्पणियों से विधायक की सार्वजनिक छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया गया तथा उनके समर्थकों और शुभचिंतकों की भावनाएं भी आहत हुईं।
इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला
Tikamgarh News: शिकायत के आधार पर जतारा थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 196(1)(A), धारा 296 तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 67 के तहत प्रकरण दर्ज किया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
डिजिटल साक्ष्यों की जांच जारी
Tikamgarh News:पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया पोस्ट, कमेंट और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है। मामले की विवेचना जारी है और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
आरोपी ने मांगी माफी
Tikamgarh News:पुलिस के अनुसार, आरोपी रिंकू पाठक ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए विधायक हरिशंकर खटीक को अपना बड़ा भाई बताया और सार्वजनिक रूप से माफी भी मांगी है। हालांकि, मामले में कानूनी प्रक्रिया जारी रहेगी।







