रीवा। Rewa Firecracker News: मध्य प्रदेश के रीवा जिले में दीपावली का त्यौहार नजदीक आते ही पटाखा कारोबारियों और आम जनता के सामने बड़ा संकट खड़ा हो गया है। जिला प्रशासन द्वारा पटाखों के थोक विक्रेताओं का लाइसेंस निरस्त किए जाने के दो महीने बाद भी समस्या का कोई समाधान नहीं निकल सका है। इसके चलते इस बार दीपावली पर आतिशबाजी की गूंज न होने की आशंका गहरा गई है, जिससे त्यौहार का उत्साह फीका पड़ सकता है।
समस्या का समाधान न होने पर अपनी मांगों को लेकर जब थोक एवं फुटकर पटाखा विक्रेता कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचे, तो उन्हें बताया गया कि कलेक्टर भोपाल में हैं। ऐसे में अधिकारियों की गैरहाजिरी से मामले का कोई तत्कालीन निराकरण होता नहीं दिख रहा है। फुटकर विक्रेताओं का कहना है कि वे त्यौहार की तैयारी में अपनी पूंजी लगा चुके हैं, लेकिन लाइसेंस रद्द होने के कारण थोक व्यापारी उन्हें माल देने में असमर्थ हैं।
रीवा में दीपावली से पहले पटाखा कारोबार पर संकट, थोक विक्रेताओं के लाइसेंस रद्द होने से व्यापारी परेशान; आतिशबाजी पर भी संशय।
#RewaNews #FirecrackerNews #Diwali2026 #MPNews #BusinessCrisis #रीवा #दीपावली #पटाखाव्यापार #मध्यप्रदेश #व्यापारी https://t.co/6JQ6zXzhmo
— Nishaanebaz.com (@nishaanebaz_com) October 29, 2026
इस पूरी स्थिति से थोक और फुटकर दोनों ही वर्ग के व्यापारी भारी वित्तीय संकट में फंस गए हैं। थोक व्यापारियों का कहना है कि उन्होंने फुटकर विक्रेताओं से अग्रिम राशि लेकर ऑर्डर दिए थे। यदि अब वे पैसा वापस करते हैं तो वे पूरी तरह दिवालिया हो जाएंगे। जब तक लाइसेंस पर लगी रोक नहीं हटती, तब तक नया सामान बाजार में लाना संभव नहीं है।
व्यापारियों ने प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए बताया कि मार्च महीने में कलेक्टर कार्यालय से ही निर्धारित स्थान के लिए लाइसेंस जारी किया गया था। अब अचानक उसी स्थान को सुरक्षित न बताते हुए लाइसेंस निरस्त कर दिया गया। व्यापारियों का तर्क है कि इतने कम समय में वहां नई बसाहट कैसे आ सकती है, और यदि बसाहट पहले से थी तो लाइसेंस कैसे जारी किया गया था। यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं हुआ तो व्यापारियों का भारी नुकसान तय है।