इंदौर। Nishaanebaz.com-Indore Crane Theft Case: मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर के राऊ थाना क्षेत्र में व्यापारी के 27 लाख रुपये नकद लेकर फरार हुए शातिर ड्राइवर के मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। राऊ पुलिस ने त्वरित और तकनीकी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसके कब्जे से चोरी की गई राशि में से 24 लाख 50 हजार रुपये नकद सफलतापूर्वक बरामद कर लिए हैं।
पूरा मामला 24 अगस्त का है, जब फरियादी व्यापारी गौरव मित्तल अपनी पुरानी क्रेन बेचने से मिले 27 लाख रुपये नकद लेकर सफर कर रहे थे। एक ढाबे पर चाय पीने के दौरान उनका नया ड्राइवर रोहित कोसे नोटों से भरा बैग लेकर मौके से गाड़ी सहित फरार हो गया था। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तकनीकी सर्विलांस के आधार पर घेराबंदी शुरू की और आरोपी को राजस्थान के प्रसिद्ध सांवरिया सेठ मंदिर से दर्शन कर लौटते ही धर दबोचा।
Read More : Chander Lohar Murder Case: बछड़ा चोरी के शक में हुई थी बेरहमी से पिटाई, तीसरा आरोपी चढ़ा हत्थे
पुलिस द्वारा की गई गहन पूछताछ में बेहद चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी रोहित कोसे 5-6 दिनों तक इंदौर शहर में ही एक किराए का फ्लैट लेकर छिपा हुआ था। जब मामला थोड़ा ठंडा हुआ, तो वह सांवरिया सेठ और बालाजी मंदिर में दर्शन करने चला गया था। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने छिपाकर रखी गई 24 लाख 50 हजार रुपये की भारी-भरकम नकदी जब्त कर ली है।
जांच में यह बात भी सामने आई कि आरोपी के खिलाफ पूर्व में तुकोगंज थाने में भी चोरी का आपराधिक प्रकरण दर्ज है। व्यापारी ने महज 2-3 दिन पहले ही उसे काम पर रखा था और उसका पुलिस वेरिफिकेशन (Police Verification) नहीं कराया था। डीसीपी ज़ोन 1 नरेंद्र सिंह रावत ने बताया कि बाकी बचे ढाई लाख रुपये की रिकवरी और अन्य पहलुओं की पड़ताल के लिए आरोपी को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जा रहा है।






