रायगढ़। Raigarh Police Action: जिले में आपराधिक गतिविधियों और आर्थिक अपराधों पर लगाम कसने के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन क्लीन हंट’ के तहत घरघोड़ा पुलिस को एक बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने कोयला परिवहन के दौरान 24.620 मीट्रिक टन कोयले की हेराफेरी कर उसे अन्यत्र खपाने वाले फरार आरोपी को बिहार के रोहतास जिले से धर दबोचा है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त 10 लाख रुपये कीमत का ट्रक भी जब्त कर लिया गया है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में गठित पुलिस टीम ने सुराग तलाशते हुए बिहार के रोहतास जिले में दबिश दी और आरोपी को गिरफ्तार कर ट्रांजिट रिमांड पर रायगढ़ लाया गया है।
क्या था पूरा मामला?
प्रार्थी विवेक पाण्डेय (निवासी: बोईरदादर, रायगढ़) ने गत 8 मई 2026 को थाना घरघोड़ा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि राज ट्रांसपोर्ट के माध्यम से जनवरी 2026 में जामपाली कोयला खदान से अकलतरा प्लांट (जांजगीर-चांपा) के लिए कोयला परिवहन का सौदा तय हुआ था। ट्रक क्रमांक CG-12-S-4455 के चालक लल्लन प्रसाद द्वारा ट्रक में 24.620 मीट्रिक टन जी-10 ग्रेड का कोयला लोड कर अकलतरा के लिए रवाना किया गया था, जो गंतव्य तक नहीं पहुंचा।
चालक ने फोन बंद कर लिया और लगभग 10 दिन बाद संपर्क होने पर कोयला अन्यत्र बेच देने की बात कहते हुए धमकी दी। इस पर घरघोड़ा पुलिस ने धारा 318(4) और 316(3) BNS के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की थी।
बिहार के रोहतास से धराया आरोपी
विवेचना के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मोबाइल लोकेशन के आधार पर आरोपी की पुख्ता जानकारी जुटाई। एएसआई खेमराज पटेल के नेतृत्व में गई पुलिस टीम ने बिहार के रोहतास जिले के काराकाट थाना क्षेत्र अंतर्गत अमरथा गांव निवासी ललन कुमार पासवान (पिता स्व. केदार पासवान, उम्र 57 वर्ष) को स्थानीय न्यायालय से ट्रांजिट रिमांड पर गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने हड़पे गए कोयले को ईंट भट्टा संचालकों को थोड़ी-थोड़ी मात्रा में बेच दिया था। पुलिस ने प्रयुक्त ट्रक को भी जब्त कर लिया है तथा आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है।