पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक का मोबाइल लूटने वाला आरोपी गिरफ्तार….

0
183

Raipur Mobile Snatching Case:Raipur में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष और विधायक Dharamlal Kaushik का मोबाइल लूटकर फरार होने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन और घटना में इस्तेमाल की गई बाइक भी जब्त कर ली है।

जानकारी के अनुसार 18 मई की सुबह धरमलाल कौशिक मॉर्निंग वॉक के लिए अपने शासकीय निवास से निकले थे। सुबह करीब 7:15 बजे पीडब्ल्यूडी आर्च ब्रिज के नीचे एक अज्ञात बाइक सवार युवक उनका मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गया।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे और क्राइम ब्रांच व स्थानीय थानों की संयुक्त टीमों को आरोपी की तलाश में लगाया गया।

पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के संभावित रास्तों पर लगे सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही तकनीकी विश्लेषण और ह्यूमन इंटेलिजेंस की मदद से आरोपी की पहचान करने का प्रयास शुरू किया गया।

रायपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते घटना के मात्र 8 घंटे के भीतर आरोपी को हिरासत में ले लिया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद कर ली।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान मणिकांत ध्रुव पिता राजेंद्र ध्रुव उम्र लगभग 19 वर्ष के रूप में हुई है। आरोपी मूल रूप से जिला बलौदाबाजार-भाटापारा का निवासी बताया जा रहा है और वर्तमान में रायपुर के खम्हारडीह थाना क्षेत्र स्थित राजीव नगर में रह रहा था।

पुलिस के अनुसार आरोपी कभी-कभी रैपिडो चलाने का कार्य भी करता था। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और उसके आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।

रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने कहा है कि राजधानी में होने वाले प्रत्येक अपराध को गंभीरता से लिया जा रहा है। पुलिस लगातार आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और चोरी या लूट के सामान की बरामदगी के लिए तेजी से कार्रवाई कर रही है।

इस घटना के बाद राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था और मॉर्निंग वॉक करने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है। हालांकि पुलिस की त्वरित कार्रवाई से लोगों ने राहत की सांस ली है।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here