सब्जी बेचने वाला चला रहा था ऑनलाइन सट्टा एप का पैनल, 13 आरोपी गिरफ्तार

0
115

Online Betting App:Durg जिले में पुलिस ने आईपीएल मैचों के दौरान संचालित किए जा रहे एक बड़े Online Betting App नेटवर्क का खुलासा करते हुए 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि पहले सब्जी बेचने का काम करने वाला कुणाल वर्मा अब ऑनलाइन सट्टा कारोबार का मुख्य संचालक बन चुका था।

पुलिस के अनुसार आरोपी “Set Sport Book” और “Lotus App” के जरिए म्युल अकाउंट्स का इस्तेमाल कर करोड़ों रुपये के लेनदेन कर रहा था। जांच में आरोपियों के खातों से करीब 5 करोड़ रुपये के ट्रांजेक्शन की जानकारी मिली है।

समन्वय पोर्टल से मिला सुराग

मामले का खुलासा तब हुआ जब छावनी पुलिस को समन्वय पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क से जुड़े म्युल अकाउंट्स की जानकारी मिली। इसके आधार पर 16 मई को कार्रवाई करते हुए पुलिस ने चरोदा निवासी जावेद अख्तर और आभास जायसवाल को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में दोनों आरोपियों ने ऐसे लोगों के नाम बताए जो ऑनलाइन सट्टा एप के लिए बैंक खाते उपलब्ध कराते थे। इसके बाद पुलिस ने भिलाई और आसपास के इलाकों में सक्रिय पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया।

Online Betting App:स्लम एरिया के लोगों के नाम पर खुलते थे खाते

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी स्लम एरिया के लोगों से संपर्क कर उनके नाम पर अलग-अलग बैंकों में खाते खुलवाते थे। इसके बाद उनसे सिम कार्ड, पासबुक, एटीएम कार्ड और चेकबुक लेकर इन्हें मुख्य आरोपी कुणाल वर्मा को बेच दिया जाता था।

बताया गया कि एक पासबुक के बदले करीब 25 हजार रुपये दिए जाते थे। इन खातों का इस्तेमाल ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे में रकम जमा करने और निकालने के लिए किया जाता था।

सब्जी बेचने से सट्टा कारोबार तक

पुलिस के अनुसार कुणाल वर्मा पहले सब्जी बेचने का काम करता था, लेकिन बाद में वह Mahadev Betting App से जुड़कर ऑनलाइन सट्टे के कारोबार में सक्रिय हो गया।

जांच में यह भी सामने आया कि हैदराबाद के अल्फापुरम स्थित एसएस रेसिडेंसी और शमशाबाद की नक्षत्र सोसायटी से आईपीएल क्रिकेट सट्टा एप संचालित किया जा रहा था। यहां स्थानीय युवकों को ले जाकर ऑनलाइन सट्टा संचालन कराया जाता था।

भारी मात्रा में सामान बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2 लाख 57 हजार रुपये नकद, 9 लैपटॉप, 46 मोबाइल फोन, 23 पासबुक, 146 एटीएम कार्ड और 20 सिम कार्ड बरामद किए हैं।

पुलिस ने कुणाल वर्मा की निशानदेही पर विक्की साहू, अभिषेक भारती, गुरफान खान, राजकुमार पासवान, तुकेश्वर साहू, जेद खान, के. श्रीनू, शेख सद्दाम, विकास राय, विकास निषाद, रोहित चौहान और प्रतीक पटेल सहित कुल 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

Online Betting App:फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क के बैंक ट्रांजेक्शन और अन्य राज्यों से जुड़े तारों की जांच कर रही है। पुलिस का मानना है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे हो सकते हैं।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here