Holiday calendar: CG हाईकोर्ट ने जारी किया 2027 का छुट्टी कैलेंडर, गर्मी-सर्दी की छुट्टियों की तारीखें तय; रजिस्ट्री ऑफिस का शेड्यूल भी जारी

Sanjay Sahu
Holiday calendar

Holiday calendar: बिलासपुर। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने वर्ष 2027 के लिए अवकाश कैलेंडर जारी कर दिया है। इसमें सालभर के सार्वजनिक और धार्मिक त्योहारों की छुट्टियों के साथ गर्मी और सर्दी की छुट्टियों की तारीखें भी निर्धारित की गई हैं। कैलेंडर में हाईकोर्ट के साथ रजिस्ट्री कार्यालय के कामकाज का शेड्यूल भी स्पष्ट किया गया है।

Holiday calendar: 18 मई से 11 जून तक ग्रीष्मकालीन अवकाश

जारी कैलेंडर के अनुसार, हाईकोर्ट में गर्मी की छुट्टियां 18 मई से 11 जून 2027 तक रहेंगी। इस अवधि में कोर्ट में नियमित सुनवाई नहीं होगी, लेकिन रजिस्ट्री कार्यालय खुला रहेगा। वहीं, शीतकालीन अवकाश 23 दिसंबर से 31 दिसंबर तक निर्धारित किया गया है। इस दौरान रजिस्ट्री कार्यालय 20 से 24 दिसंबर तक खुला रहेगा, जबकि 27 से 31 दिसंबर तक बंद रहेगा।

इन त्योहारों पर बंद रहेगा हाईकोर्ट

वर्ष 2027 में हाईकोर्ट के अवकाश कैलेंडर के अनुसार, प्रमुख त्योहारों और राष्ट्रीय पर्वों पर छुट्टियां निर्धारित की गई हैं। इनमें 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस, 6 मार्च को महाशिवरात्रि, 10 मार्च को ईद-उल-फितर, 26 मार्च को गुड फ्राइडे, 14 अप्रैल को डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर जयंती तथा 15 और 16 अप्रैल को रामनवमी के अवसर पर अवकाश शामिल हैं।

इसके अलावा 17 मई को ईद-उल-जुहा, 16 जून को मुहर्रम, 9 अगस्त को विश्व आदिवासी दिवस, 17 अगस्त को रक्षाबंधन, 25 अगस्त को कृष्ण जन्माष्टमी, 3 सितंबर को हरतालिका तीज और 4 सितंबर को गणेश चतुर्थी पर भी छुट्टी रहेगी। वहीं, 2 अक्टूबर को गांधी जयंती और 25 दिसंबर को क्रिसमस के अवसर पर हाईकोर्ट बंद रहेगा।

शनिवार को कोर्ट और रजिस्ट्री का अलग-अलग शेड्यूल

कैलेंडर के मुताबिक, महीने के दूसरे और तीसरे शनिवार को हाईकोर्ट और रजिस्ट्री कार्यालय दोनों बंद रहेंगे। अन्य शनिवार को कोर्ट में सुनवाई नहीं होगी, लेकिन रजिस्ट्री कार्यालय खुला रहेगा। हालांकि, 6 नवंबर और 4 दिसंबर 2027 को शनिवार होने के बावजूद कार्यदिवस निर्धारित किया गया है। इन दोनों दिनों में कोर्ट खुला रहेगा। वहीं, साल के सभी रविवार को हाईकोर्ट और रजिस्ट्री कार्यालय बंद रहेंगे। यह व्यवस्था गर्मी और सर्दी की छुट्टियों के दौरान पड़ने वाले रविवार पर भी लागू होगी।

Holiday calendar: चांद दिखने पर बदल सकती हैं कुछ छुट्टियों की तारीखें

Holiday calendar: हाईकोर्ट के नोटिफिकेशन में स्पष्ट किया गया है कि चांद दिखने के आधार पर मनाए जाने वाले त्योहारों, जैसे मिलाद-उन-नबी, ईद-उल-फितर, ईद-उल-जुहा और मुहर्रम की तारीखों में बदलाव संभव है। यदि राज्य सरकार इन त्योहारों की तारीखों में परिवर्तन करती है, तो मुख्य न्यायाधीश की मंजूरी के बाद संशोधित तारीखें लागू की जाएंगी। इस कैलेंडर के जारी होने से वकीलों, पक्षकारों और न्यायालय से जुड़े लोगों को वर्ष 2027 में कोर्ट के कामकाज और छुट्टियों की योजना बनाने में मदद मिलेगी।

 

Share The News
Share This Article
1 Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *