Friday, October 2, 2026
Home Chhattisgarh Chhattisgarh Teacher Recruitment 2023 : शिक्षक भर्ती को लेकर युवा कांग्रेस का...

Chhattisgarh Teacher Recruitment 2023 : शिक्षक भर्ती को लेकर युवा कांग्रेस का हल्ला बोल: रायगढ़ कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन, 2300 पदों पर तत्काल नियुक्ति की मांग

Chhattisgarh Teacher Recruitment 2023 : गौरी शंकर गुप्ता/रायगढ़/घरघोड़ा। छत्तीसगढ़ में सहायक शिक्षकों के रिक्त 2300 पदों पर भर्ती प्रक्रिया को तत्काल शुरू करने की मांग को लेकर जिला युवा कांग्रेस ने बुधवार को कलेक्टर कार्यालय का घेराव किया। प्रदेश महासचिव राकेश पांडेय और जिला अध्यक्ष (ग्रामीण) उस्मान बेग के नेतृत्व में दर्जनों युवा कांग्रेस नेताओं ने रायगढ़ कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर हाईकोर्ट के आदेश का पालन सुनिश्चित करने की मांग की।

हाईकोर्ट की फटकार के बावजूद देरी: ज्ञापन सौंपते हुए प्रदेश महासचिव राकेश पांडेय ने कहा कि शिक्षक भर्ती 2023 के अंतर्गत सहायक शिक्षकों की नियुक्ति प्रक्रिया लंबे समय से लंबित है। माननीय उच्च न्यायालय ने 26 सितंबर 2025 को आदेश पारित कर दो माह के भीतर भर्ती पूर्ण करने के निर्देश दिए थे, लेकिन दो वर्ष बीतने के बाद भी पात्र अभ्यर्थी नियुक्ति से वंचित हैं। उन्होंने चिंता जताई कि कई अभ्यर्थियों की आयु सीमा समाप्त होने वाली है, जिससे यह उनके लिए अंतिम अवसर है।

युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष उस्मान बेग ने कहा कि वर्तमान में लगभग 1302 पद अब भी रिक्त हैं, जिन पर 1:3 के अनुपात में तत्काल नियुक्ति शुरू होनी चाहिए। रायपुर में D.Ed अभ्यर्थियों का अनिश्चितकालीन अनशन जारी है, जिसे लेकर युवा कांग्रेस ने शिक्षा विभाग से हस्तक्षेप करने की मांग की है। उस्मान बेग ने कहा कि यदि सरकार ने जल्द निर्णय नहीं लिया, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।

क्या है पूरा मामला? गौरतलब है कि साल 2023 में 12,489 पदों पर भर्ती विज्ञापन निकाला गया था। B.Ed/D.Ed विवाद के कारण यह मामला कोर्ट चला गया। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद B.Ed सहायक शिक्षकों को हटाया गया, जिसके बाद 1319 पदों पर D.Ed अभ्यर्थियों की नियुक्ति तो हुई, लेकिन शेष बचे करीब 1302 पदों पर प्रक्रिया अब भी अटकी हुई है। आज के इस कार्यक्रम में तरुण अग्रवाल, सुजॉय राय, कुलदीप अक्षय, दीनू देवांगन सहित बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here