जगदलपुर। Jagdalpur Crime News: छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ नगरनार थाना पुलिस ने एक बड़ी और सफल कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने ओडिशा की ओर से अवैध रूप से गांजा लेकर उत्तर प्रदेश के मथुरा जा रहे एक दंपती (पति-पत्नी) को धरदबोचा है। आरोपियों के कब्जे से कुल 8 किलो 500 ग्राम गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय एवं स्थानीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 4 लाख 25 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस ने गांजे के अलावा नकदी और एक मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नगरनार थाना पुलिस को मुखबिर के जरिए पुख्ता सूचना मिली थी कि कुछ तस्कर ओडिशा से अवैध मादक पदार्थ की खेप लेकर छत्तीसगढ़ के रास्ते उत्तर प्रदेश के मथुरा की तरफ जाने वाले हैं। इस सूचना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी की योजना बनाई। पुलिस ने धनपुंजी आरटीओ नाका के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक-63 पर कड़ी निगरानी शुरू की और मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए के आधार पर संदिग्ध रूप से आ रहे पति-पत्नी को रोक लिया।
पूछताछ के दौरान दोनों ने अपनी पहचान नरेंद्र दास और उसकी पत्नी संचिता दास के रूप में बताई, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मथुरा के रहने वाले हैं। जब पुलिस ने उनके पास मौजूद बैग और सामान की नियमानुसार तलाशी ली, तो उनके पास से चार पैकेटों में छिपाकर रखा गया कुल 8.5 किलो गांजा मिला।
पुलिस ने मादक पदार्थ को जब्त करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनके खिलाफ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस एक्ट (एनडीपीएस एक्ट) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। शुरुआती पूछताछ में यह सामने आया है कि आरोपी दंपती ओडिशा से यह खेप लेकर मथुरा जा रहे थे। बस्तर जिला ओडिशा की सीमा से सटा होने के कारण सीमावर्ती मार्गों पर पुलिस द्वारा लगातार वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अब इस नेटवर्क के मुख्य आपूर्तिकर्ताओं और मथुरा के संभावित खरीदारों के बारे में भी गहनता से छानबीन कर रही है।