Singrauli News: सिंगरौली। जयंत चौकी क्षेत्र अंतर्गत मुड़वानी डैम के पास मंगलवार देर रात करीब 11 बजे हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा कोयला परिवहन में लगे एक ट्रेलर से बाइक की टक्कर के बाद हुआ। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान मोहम्मद समीर के रूप में हुई है, जबकि घायल युवक राहुल कुमार को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
Singrauli News: बताया जा रहा है कि मुड़वानी डैम से जयंत जाने वाले मार्ग पर एक ट्रेलर ब्रेकडाउन होने के बाद सड़क किनारे खड़ा था। इसी दौरान जयंत की ओर से मोरवा जा रहे बाइक सवार दोनों युवक अंधेरे में ट्रेलर के पिछले हिस्से से टकरा गए और वाहन के नीचे फंस गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल नेहरू शताब्दी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान मोहम्मद समीर ने दम तोड़ दिया। राहुल कुमार की हालत फिलहाल गंभीर बनी हुई है।
Singrauli News: जयंत चौकी प्रभारी सुधाकर सिंह परिहार ने बताया कि ट्रेलर चालक और वाहन से संबंधित दस्तावेजों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में ट्रेलर का सड़क किनारे बिना पर्याप्त संकेतक खड़ा होना हादसे का प्रमुख कारण माना जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर विस्तृत जांच शुरू कर दी है।













