सीधी संजय टाइगर रिजर्व : सीधी। संजय टाइगर रिजर्व के दुबरी वन परिक्षेत्र स्थित खैरी झील हाथी कैंप में सात दिवसीय हाथी रिजुवनेशन कैंप का शुभारंभ किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य हाथियों का स्वास्थ्य सुधारना और उन्हें साज-सज्जा सहित बेहतर देखभाल प्रदान करना है।
सीधी संजय टाइगर रिजर्व : कैंप का उद्घाटन क्षेत्रीय विधायक कुंवर सिंह टेकाम के मुख्य आतिथ्य में हुआ। हाथियों बापू, भरत, चित्रा और शांभवी का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। उन्हें विशेष आहार दिया गया और रूटीन टस्क, ट्रीमिंग, नाखून कटिंग जैसे आवश्यक स्वास्थ्य देखभाल कार्य किए गए। इसके अलावा, हाथियों का स्वास्थ्य परीक्षण करने के लिए ब्लड सैम्पलिंग की गई और महावतों के साथ परिचर्चा भी की गई, ताकि हाथियों की देखभाल में सुधार किया जा सके।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय संचालक अमित कुमार दुबे, उपसंचालक राजेश खन्ना, सहायक संचालक सुधीर मिश्रा, अधीक्षक सोन घड़ियाल प्रमोद सिंह, वन्य प्राणी स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अभयसेंगर, और दुबरी, बस्तुआ, पोंड़ी परिक्षेत्र के वन अमला उपस्थित थे।
इस सात दिवसीय कैंप में हाथियों की स्वास्थ्य जांच, पोषण और देखभाल पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। कार्यक्रम का यह पहल पर्यटकों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बना हुआ है, क्योंकि हाथियों को सुरक्षित और स्वस्थ वातावरण में देखना एक अद्वितीय अनुभव है। यह कैंप 29 सितंबर तक जारी रहेगा।











