Sachin Tendulkar Dantewada Visit : दंतेवाड़ा के छिंदनार में सचिन तेंदुलकर ने फूंकी नई जान: खेल मैदान का उद्घाटन कर बोले— ‘बस्तर के तराशे जाएंगे हीरे’

0
63

Sachin Tendulkar Dantewada Visit : दंतेवाड़ा: छत्तीसगढ़ के वनांचल क्षेत्र दंतेवाड़ा का छिंदनार गांव बुधवार को एक ऐतिहासिक पल का गवाह बना, जब क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर ने यहाँ खेल क्रांति की नींव रखी। सचिन तेंदुलकर एवं मानदेशी फाउंडेशन के माध्यम से नवनिर्मित मल्टी-स्पोर्ट्स ग्राउंड का उद्घाटन करते हुए उन्होंने क्षेत्र के युवाओं के भविष्य को संवारने का संकल्प दोहराया। इस अवसर पर मानदेशी फाउंडेशन की संस्थापक चेतना सिन्हा और तेंदुलकर परिवार के सदस्य भी मौजूद रहे।

मैदान पर उतरी तेंदुलकर की अगली पीढ़ी: कार्यक्रम के दौरान सचिन के साथ उनकी पुत्री सारा और पुत्रवधू सोनिया ने बच्चों के साथ रस्साकशी, वॉलीबॉल और खो-खो जैसे खेलों में हिस्सा लिया। सचिन ने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि केवल जुनून ही काफी नहीं है, बल्कि भविष्य के चैंपियन तैयार करने के लिए बुनियादी और आधुनिक खेल सुविधाओं का होना अनिवार्य है। उन्होंने छिंदनार के बच्चों की तुलना ‘हीरे’ से की और कहा कि मानदेशी फाउंडेशन के कोच इन हीरों को तराशने का काम बखूबी कर रहे हैं। फाउंडेशन की योजना के तहत क्षेत्र के 50 गांवों में इसी तरह के आधुनिक खेल मैदान विकसित किए जा रहे हैं।

सफलता के लिए अनुशासन और कड़ी मेहनत जरूरी: छात्रों को संबोधित करते हुए सचिन ने अपने शुरुआती दिनों को याद किया और कहा कि सफलता के लिए कोई शॉर्टकट नहीं होता। उन्होंने जीवन में कड़ी मेहनत और अनुशासन के महत्व पर जोर दिया और छात्रों से खेल के साथ-साथ पढ़ाई में संतुलन बनाए रखने का आग्रह किया। इस दौरान बच्चों ने सचिन का अग्रिम जन्मदिन केक काटकर मनाया। कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि नक्सलवाद से मुक्त होकर अब बस्तर शांति और विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here