मिशन छत्तीसगढ़ पर सचिन पायलट : कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी और एआईसीसी महासचिव सचिन पायलट का तीन दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरा 16 सितंबर से शुरू हो रहा है। यह दौरा पार्टी के लिए रणनीतिक और सियासी रूप से बेहद अहम माना जा रहा है। दरअसल, वे इस दौरान 8 जिलों में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ सीधे संवाद करेंगे और पार्टी के चर्चित अभियान “वोट चोर, गद्दी छोड़” रैलियों व पदयात्राओं का नेतृत्व करेंगे।
मिशन छत्तीसगढ़ पर सचिन पायलट : पहले दिन सचिन पायलट रायगढ़ में हस्ताक्षर अभियान से कार्यक्रम की शुरुआत करेंगे और शाम तक कोरबा पहुंचेंगे। वहीं दूसरे दिन वे बिलासपुर, मुंगेली, बेमेतरा और रात तक राजनांदगांव में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाएंगे। दौरे के तीसरे दिन 18 सितंबर को वे राजनांदगांव और दुर्ग में पदयात्रा व रैलियों में शामिल होकर कार्यकर्ताओं को चुनावी तैयारी के लिए दिशा देंगे।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, पायलट का यह दौरा सिर्फ रैलियों तक सीमित नहीं रहेगा। वे ब्लॉक स्तर के नेताओं और जिलों के पदाधिकारियों से भी बैठक करेंगे। प्रदेश कांग्रेस में हाल ही में उभरे आंतरिक मतभेदों और आरोप-प्रत्यारोपों के बीच पायलट का यह दौरा पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश भरने और एकजुटता का संदेश देने के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
विशेषज्ञ मानते हैं कि पायलट का दौरा कांग्रेस की जमीनी पकड़ मजबूत करने और कार्यकर्ताओं के मनोबल को साधने की बड़ी कवायद है, जिससे आने वाले महीनों में राज्य की राजनीति में नई हलचल देखने को मिल सकती है।











