Rudraksh Mahotsav 2026 Preparation : सीहोर (सुनील शर्मा): आगामी रुद्राक्ष महोत्सव के दौरान लाखों श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए सीहोर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह मुस्तैद है। यातायात व्यवस्था में कोई बाधा न आए, इसके लिए आज भारी पुलिस बल की मौजूदगी में कुबेरेश्वर धाम मार्ग पर व्यापक अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया गया।
चेतावनी के बाद बड़ी कार्रवाई
प्रशासन द्वारा पहले ही सड़क किनारे दुकान लगाने वाले और अस्थाई निर्माण करने वाले लोगों को स्वतः अतिक्रमण हटाने की अंतिम चेतावनी दी गई थी। आज समय सीमा समाप्त होते ही पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने मोर्चा संभाला। सड़क की चौड़ाई कम करने वाली अवैध दुकानों, शेड और अन्य अस्थाई ढांचों को मौके से हटा दिया गया।
जाम से मुक्ति दिलाना मुख्य प्राथमिकता
पिछले अनुभवों को देखते हुए प्रशासन का मुख्य फोकस इस बार इंदौर-भोपाल नेशनल हाईवे और कुबेरेश्वर धाम की ओर जाने वाली सड़कों को जाम मुक्त रखना है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम आवाजाही के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। सड़क किनारे किसी भी तरह की पार्किंग या दुकानदारी की अनुमति नहीं होगी।
प्रशासन का कड़ा संदेश
मौके पर मौजूद अधिकारियों के अनुसार, यह सख्ती केवल आज के लिए नहीं है, बल्कि महोत्सव के समापन तक निरंतर जारी रहेगी। पुलिस बल को लगातार गश्त करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि हटाए गए स्थानों पर दोबारा अतिक्रमण न हो सके।
इस कार्रवाई से जहां एक ओर मार्ग चौड़ा और व्यवस्थित नजर आ रहा है, वहीं दूसरी ओर प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि रुद्राक्ष महोत्सव के दौरान व्यवस्था भंग करने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।











