Thursday, August 20, 2026
Home Tech Jayant Police Action : सिंगरौली न्यूज़: उधारी के विवाद में युवक की...

Jayant Police Action : सिंगरौली न्यूज़: उधारी के विवाद में युवक की जान लेने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार, जयंत पुलिस ने 24 घंटे में किया खुलासा

Jayant Police Action : सिंगरौली। जिले के जयंत थाना क्षेत्र के सरसवाहलाल में सड़क किनारे मिले युवक के शव की गुत्थी को पुलिस ने सुलझाते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री के कड़े निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा के मार्गदर्शन में जयंत पुलिस टीम ने इस अंधे कत्ल का पर्दाफाश महज 24 घंटे के भीतर कर दिया। आरोपियों ने उधारी के पैसों के विवाद में युवक को चलते वाहन से धक्का दे दिया था, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई थी।

घटनाक्रम के अनुसार, बीती 25 मार्च 2026 को पुलिस को सूचना मिली थी कि सरसवाहलाल जयंत क्षेत्र में पीसीसी सड़क किनारे एक युवक का शव लहूलुहान हालत में पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने मृतक की शिनाख्त आशीष कुमार कुशवाहा (25 वर्ष), निवासी सरसवाहलाल के रूप में की। मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल एफएसएल टीम और डॉग स्क्वाड को बुलाया गया। प्रारंभिक जांच और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल बैढ़न भेजकर मामले की तहकीकात शुरू की।

पुलिस की तकनीकी जांच और कॉल डिटेल्स खंगालने पर पता चला कि मृतक आशीष का आरोपियों के साथ उधारी के लेनदेन को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। घटना वाले दिन आशीष पिकअप वाहन में सवार था, तभी आरोपियों से उसका विवाद शुरू हो गया। बहस इतनी बढ़ी कि आरोपियों ने आव देखा न ताव और आशीष को चलते पिकअप वाहन से नीचे धक्का दे दिया। गिरने के दौरान आशीष का सिर सीधे वाहन के पहिए के नीचे आ गया, जिससे उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने इसे मानव वध की श्रेणी में रखते हुए आरोपियों की तलाश तेज कर दी थी।

जयंत पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले के मुख्य आरोपियों नूर हसन उर्फ मनिया, राजकुमार भुजवा उर्फ गार्ड और छोटू कुमार कोल को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों को स्थानीय न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। इस पूरी सफल कार्रवाई में विन्ध्यनगर थाना प्रभारी अर्चना द्विवेदी, जयंत चौकी प्रभारी सुधाकर सिंह परिहार और उनकी टीम की विशेष और सराहनीय भूमिका रही। इस खुलासे के बाद क्षेत्र के नागरिकों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर संतोष व्यक्त किया है।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here