Ranidahara Waterfall Body : कबीरधाम। जिले के बोड़ला विकासखंड स्थित प्रसिद्ध पर्यटन स्थल रानीदहरा जलप्रपात में गुरुवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब झरने के नीचे पानी में एक अज्ञात युवती का शव तैरता हुआ पाया गया। सुबह-सुबह जलप्रपात पहुंचे स्थानीय लोगों ने जब शव को देखा, तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी। घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है और बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गई है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लिया सूचना मिलते ही बोड़ला थाना पुलिस की टीम दल-बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को पानी से बाहर निकाला और पंचनामा कर अपने कब्जे में ले लिया है। प्राथमिक जांच में युवती की शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस ने आसपास के गांवों और थानों में गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगालना शुरू कर दिया है ताकि मृतका की पहचान सुनिश्चित की जा सके।
हादसा या हत्या? जांच में जुटी पुलिस फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि युवती की मौत जलप्रपात में गिरने से हुई है या इसके पीछे कोई और आपराधिक साजिश है। पुलिस मामले की हर पहलू से बारीकी से जांच कर रही है। घटनास्थल पर मिले साक्ष्यों के आधार पर यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि युवती वहां अकेले आई थी या उसके साथ कोई और भी था।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। रानीदहरा जैसे प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पर इस तरह की घटना होने से पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।











