राज कुंद्रा : मुंबई। बॉलीवुड एक्ट्रेस शिल्पा शेट्टी (Shilpa Shetty) के पति और बिजनेसमैन राज कुंद्रा (Raj Kundra) एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। इकोनॉमिक ऑफेंस विंग (EOW) ने राज कुंद्रा को 60.48 करोड़ रुपये की कथित धोखाधड़ी के मामले में समन जारी कर 15 सितंबर को पूछताछ के लिए पेश होने के निर्देश दिए हैं।
राज कुंद्रा : सूत्रों के मुताबिक, इससे पहले उन्हें 10 सितंबर को बुलाया गया था, लेकिन कुंद्रा ने अतिरिक्त समय की मांग की थी। अब EOW ने उनके खिलाफ लुक आउट सर्कुलर जारी कर दिया है, जिससे वे देश छोड़कर बाहर नहीं जा सकेंगे। जांच एजेंसी का कहना है कि प्रारंभिक चरण में इस कपल को तीन बार नोटिस दिया गया था, मगर उन्होंने व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होने की बजाय वकील को भेजा। चूंकि वकील ने आवश्यक जानकारी नहीं दी, इसलिए औपचारिक एफआईआर दर्ज की गई।
यह पूरा मामला जुहू निवासी 60 वर्षीय कारोबारी दीपक कोठारी की शिकायत पर आधारित है। उनका आरोप है कि राज कुंद्रा और शिल्पा शेट्टी ने अपनी होम शॉपिंग कंपनी ‘Best Deal TV’ के लिए 75 करोड़ रुपये का लोन निवेश के नाम पर लिया था और टैक्स बचाने के लिए इसे अलग ढंग से दिखाया गया।
हालांकि, राज कुंद्रा और शिल्पा शेट्टी ने सभी आरोपों से साफ इनकार किया है। उनके वकील का कहना है कि यह मामला पूरी तरह सिविल प्रकृति का है और नेशनल कंपनी लॉ ट्रिब्यूनल (NCLT) में पहले ही इस पर सुनवाई हो चुकी है, जहां उन्हें राहत मिल चुकी थी।











