Raipur News : रायपुर। राजधानी के प्रतीक माने जाने वाले बूढ़ा तालाब चौपाटी को लेकर फिर विवाद खड़ा हो गया है। रविवार सुबह महापौर मीनल चौबे अचानक निरीक्षण के लिए पहुंचीं, जहां तीन दुकानों को खुला पाकर निगम अमले को जमकर फटकार लगाई और तत्काल सील करने का आदेश दे दिया।
Raipur News : निरीक्षण के दौरान महापौर ने सबसे पहले तालाब में घूमने आए लोगों को रोकने में लापरवाही पर गार्ड और ठेकेदार को आड़े हाथों लिया। इसके बाद बिना पार्किंग व्यवस्था के खोली गई दुकानों को लेकर निगम अधिकारियों से जवाब-तलब किया। दुकानदारों द्वारा पर्यटन विभाग से अनुमति का हवाला देने पर महापौर ने साफ कहा कि “निगम क्षेत्र में नियमों का पालन करना अनिवार्य है, बिना पार्किंग कोई दुकान नहीं खुलेगी।”
महापौर ने मीडिया से चर्चा में बताया कि चौपाटी को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं। “जनता जो नहीं चाहेगी, वह बूढ़ा तालाब में नहीं होगा,” उन्होंने कहा। साथ ही पूर्ववर्ती सरकार पर निशाना साधते हुए चौबे ने चौपाटी खोलने को गलत निर्णय करार दिया। उनका कहना था कि स्कूल के सामने पार्किंग की व्यवस्था संभव नहीं है, ऐसे में व्यावसायिक गतिविधियां नियम विरुद्ध हैं।
महापौर ने तीनों दुकानों को सीलबंद करने का निर्देश देते हुए स्पष्ट संदेश दिया है कि बूढ़ा तालाब पर जनहित के खिलाफ किसी भी प्रकार का व्यावसायिकरण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।











