Raipur News: रायपुर में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 2.15 करोड़ से अधिक कीमत का गांजा समेत मादक पदार्थ नष्ट

Sanjay Sahu
Raipur News

Raipur News: रायपुर। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस कमिश्नरेट रायपुर की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में NDPS Act के 77 मामलों में जब्त किए गए मादक पदार्थों का जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल कमेटी की निर्धारित प्रक्रिया के तहत नष्टीकरण किया गया।

438 किलो से ज्यादा गांजा नष्ट

पुलिस के अनुसार, तीनों जोन के 77 प्रकरणों में जब्त 438.764 किलोग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 2.15 करोड़ रुपये से अधिक बताई गई है, को इंडस्ट्रियल फर्नेस में जलाकर नष्ट किया गया। इसके अलावा 7.795 किलोग्राम डोडा, 1.015 किलोग्राम हशीश और 900 ग्राम अफीम समेत अन्य मादक पदार्थ भी नष्ट किए गए।

25 हजार से ज्यादा टेबलेट और कैप्सूल भी नष्ट

नष्टीकरण की कार्रवाई में 25,773 नग टेबलेट और 875 नग कैप्सूल सहित अन्य जब्त नशीले पदार्थों का भी सुरक्षित तरीके से नष्टीकरण किया गया। पुलिस के मुताबिक, पूरी प्रक्रिया निर्धारित सुरक्षा मानकों और कानूनी प्रावधानों के तहत पूरी की गई।

जोनवार इस तरह हुआ नष्टीकरण

सेंट्रल जोन के 37 मामलों में 143.895 किलोग्राम गांजा, 2,349 टेबलेट, 9 नग सिरप और 228 कैप्सूल नष्ट किए गए। नॉर्थ जोन के 19 मामलों में 86.950 किलोग्राम गांजा, 1.015 किलोग्राम हशीश, 19,794 टेबलेट, 294 नग खांसी की दवा, 900 ग्राम अफीम और 647 कैप्सूल का नष्टीकरण किया गया। वेस्ट जोन के 21 मामलों में 207.919 किलोग्राम गांजा, 7.795 किलोग्राम डोडा और 3,630 टेबलेट नष्ट किए गए।

पुलिस कमिश्नर के निर्देशन में कार्रवाई

Raipur News: पुलिस कमिश्नरेट के अनुसार, यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित तुकाराम कांबले के मार्गदर्शन में की गई। संबंधित जोन के अधिकारियों की निगरानी में जब्त मादक पदार्थों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत नष्ट किया गया।

Raipur News: पुलिस का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई, मादक पदार्थों की जब्ती, मामलों की जांच और जब्त पदार्थों के विधिवत नष्टीकरण की प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी।

Share The News
TAGGED:
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *