Sunday, September 27, 2026
Home Chhattisgarh Raigarh Police Action : रायगढ़ में “ऑपरेशन अंकुश”: ऑनलाइन सट्टे के 3...

Raigarh Police Action : रायगढ़ में “ऑपरेशन अंकुश”: ऑनलाइन सट्टे के 3 ठिकानों पर पुलिस की दबिश, महिला सहित 5 गिरफ्तार

Raigarh Police Action : गौरी शंकर गुप्ता/रायगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन अंकुश’ के तहत रायगढ़ पुलिस ने ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे के एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। कोतवाली और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने शहर के तीन अलग-अलग स्थानों पर ताबड़तोड़ रेड कर एक महिला सहित पांच सट्टा खाईवालों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 2 लाख 70 हजार रुपये नकद, नोट गिनने की मशीन और 6 महंगे मोबाइल समेत कुल 4 लाख 70 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है।

तीन ठिकानों पर एक साथ स्ट्राइक पुलिस की यह कार्रवाई शहर के तीन प्रमुख क्षेत्रों में हुई:

  1. कोतरारोड़ बायपास: आर.एस. ट्रेडिंग कंपनी के ऑफिस में दबिश देकर साकेत सिंघानिया को पकड़ा गया, जो मोबाइल के जरिए सट्टा संचालित कर रहा था।

  2. पंजाब नेशनल बैंक (पुराना) के पास: यहाँ एक राशन दुकान की आड़ में चल रहे सट्टे का खुलासा हुआ। पुलिस ने रितेश डालमिया को रंगे हाथ पकड़ा, जिसकी निशानदेही पर चांदमारी क्षेत्र से रौनक मोदनवाल और प्रियंका हलवाई को गिरफ्तार किया गया। यहाँ से भारी नकदी और नोट गिनने की मशीन बरामद हुई।

  3. रामभांठा क्षेत्र: कार्मेल स्कूल के पास एक किराए के मकान से प्रदीप कुमार पाण्डेय को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के मोबाइल में लाखों के डिजिटल लेनदेन के साक्ष्य मिले हैं।

फरार आरोपी की तलाश जारी पूछताछ में सामने आया है कि इन सभी ठिकानों का मुख्य सूत्रधार पिंटू हलवाई है, जो फिलहाल फरार है। पुलिस ने तीनों मामलों में उसे आरोपी बनाया है और उसकी सरगर्मी से तलाश की जा रही है। आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

SSP का कड़ा संदेश एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि ऑनलाइन सट्टा युवाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से बर्बाद कर रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर इस नेटवर्क से जुड़े हर व्यक्ति के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here