Monday, September 28, 2026
Home Madhya Pradesh BHIND NEWS: गणेश विसर्जन के दौरान कुंवारी नदी में डूबे तीन छात्र,...

BHIND NEWS: गणेश विसर्जन के दौरान कुंवारी नदी में डूबे तीन छात्र, 22 घंटे बाद भी नहीं मिला शव…डूबते बच्चों का वीडियो आया सामने

BHIND NEWS: भिण्ड: भिंड में गणेश विसर्जन के दौरान एक दर्दनाक हादसे ने तीन परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। कुंवारी नदी में गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान गहरे पानी में जाने से तीन छात्र डूब गए। हादसे के 22 घंटे बाद भी एसडीआरएफ की टीम लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही है, लेकिन तीनों युवकों का अब तक कोई सुराग नहीं मिला है।

घटना की जानकारी मिलते ही भिंड विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाहा मौके पर पहुंचे और एसडीआरएफ टीम, पुलिस अधिकारियों तथा लापता युवकों के परिजनों से मुलाकात की। इस दौरान परिजनों ने प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि गणेश विसर्जन को लेकर नदी पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए थे, न पर्याप्त अधिकारी-कर्मचारी मौके पर मौजूद थे। परिजनों का आरोप है कि यदि समय रहते सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता होती तो शायद यह हादसा टाला जा सकता था।

हादसे के बाद अब तीनों परिवारों की निगाहें कुंवारी नदी पर टिकी हैं। माता-पिता और परिजन अपनों के सकुशल मिलने की उम्मीद और शव मिलने की पीड़ा के बीच रेस्क्यू ऑपरेशन का इंतजार कर रहे हैं।

BHIND NEWS: वहीं विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाहा ने प्रशासन की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े किए हैं। विधायक का कहना है कि मुख्यमंत्री मोहन यादव ने गणेश विसर्जन को लेकर जिला प्रशासन को सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के सख्त निर्देश दिए थे, लेकिन भिंड में सुरक्षा व्यवस्था में कथित तौर पर कोताही बरती गई। विधायक के मुताबिक इसी का नतीजा है कि तीन परिवारों के चिराग बुझने की नौबत आ गई है। फिलहाल एसडीआरएफ की टीम कुंवारी नदी में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है और परिजन अपनों के मिलने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here