Sunday, September 27, 2026
Home Chhattisgarh Surajpur News: मिलावटी शराब का बड़ा खेल बेनकाब, 2500 नकली ढक्कन और...

Surajpur News: मिलावटी शराब का बड़ा खेल बेनकाब, 2500 नकली ढक्कन और 200 रैपर बरामद; आरोपी गिरफ्तार

Surajpur News
Surajpur News

Surajpur News: सूरजपुर। सरगुजा संभाग में आबकारी विभाग की उड़नदस्ता टीम ने मिलावटी और अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। सूरजपुर जिले के कुमदा बस्ती में एक घर पर दबिश देकर टीम ने करीब 12 लीटर मिलावटी शराब के साथ अलग-अलग ब्रांड के 2500 नकली ढक्कन और करीब 200 नकली रैपर व लेबल बरामद किए हैं। कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में खाली शराब की शीशियां भी जब्त की गईं। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया गया है।

Surajpur News: 25 सितंबर को मिली थी मुखबिर से सूचना

जानकारी के अनुसार, 25 सितंबर को संभागीय आबकारी उड़नदस्ता सरगुजा की टीम सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के नेतृत्व में सूरजपुर जिले में गश्त कर रही थी। इसी दौरान कुमदा चौक के पास टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि कुमदा बस्ती निवासी चंद्रप्रकाश राजवाड़े अपने घर में शराब में मिलावट कर उसे अलग-अलग ब्रांड के नाम से बेचने का काम कर रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद आबकारी टीम ने आरोपी के घर पर दबिश देने की कार्रवाई की।

Surajpur News: घर के कमरे से मिला सामान

तलाशी के दौरान टीम को घर के एक कमरे में अलग-अलग ब्रांड की शराब की बोतलों के ढक्कन, रैपर और लेबल के साथ बड़ी संख्या में खाली शीशियां मिलीं। जांच के दौरान करीब 2500 नग नकली ढक्कन और लगभग 200 नग रैपर व लेबल बरामद किए गए।

इसके अलावा टीम ने करीब 12 लीटर मिलावटी शराब भी जब्त की। आबकारी विभाग के मुताबिक, शराब को मैकडॉवल नंबर वन, रॉयल स्टैग, गोवा और इंपीरियल ब्लू सहित अलग-अलग ब्रांड की शीशियों में भरा गया था।

आरोपी को गिरफ्तार कर भेजा गया जेल

मामले में आबकारी विभाग ने चंद्रप्रकाश राजवाड़े के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1), 34(2), 38(क) और 59(क) के तहत कार्रवाई की। आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद 26 सितंबर को सूरजपुर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

अवैध शराब के खिलाफ अभियान जारी

Surajpur News: सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने बताया कि अवैध और मिलावटी शराब के निर्माण एवं बिक्री के खिलाफ लगातार कार्रवाई करने के निर्देश हैं। इसी क्रम में संभागीय आबकारी उड़नदस्ता प्रभारी इंद्रबली मार्कंडेय के दिशा-निर्देश में अभियान चलाया जा रहा है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के निर्माण, मिलावट और बिक्री से जुड़े मामलों में आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

 

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here