नई दिल्ली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की सुरक्षा को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। सीआरपीएफ वीवीआईपी सुरक्षा के प्रमुख सुनील जून ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी को पत्र लिखकर ‘येलो बुक प्रोटोकॉल’ के उल्लंघन पर आपत्ति जताई है। यह पत्र 10 सितंबर को भेजा गया था।
पत्र में कहा गया है कि राहुल गांधी बार-बार Z+ with ASL कैटेगरी की सुरक्षा गाइडलाइन का पालन नहीं करते। खासतौर पर बिना पूर्व सूचना विदेश यात्रा पर जाने को गंभीर लापरवाही बताया गया है। नियमों के मुताबिक, विदेश यात्रा की जानकारी कम से कम 15 दिन पहले सुरक्षा एजेंसी को देना अनिवार्य है।
Read news : Tikamgarh Crime : टीकमगढ़ में सीमेंट व्यापारी पर कुल्हाड़ी से हमला, आरोपी फरार; सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
सीआरपीएफ ने आरोप लगाया कि बीते 9 महीनों में राहुल गांधी 6 बार विदेश दौरे पर गए, लेकिन किसी भी यात्रा की सूचना एजेंसी को पहले से नहीं दी। इनमें इटली, वियतनाम, दुबई, कतर, लंदन और हालिया मलेशिया दौरा शामिल है।
एजेंसी का कहना है कि इन यात्राओं से सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित हुई और राहुल गांधी की जान को खतरा बढ़ा। पत्र में कांग्रेस नेतृत्व से आग्रह किया गया है कि राहुल गांधी को सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित कराया जाए।













