M.P News : बरगी में शव रखकर ग्रामीणों का प्रदर्शन, दुकान तोड़ने की कार्रवाई के बाद युवक की मौत से आक्रोश

Rahul Goshwami

बरगी : जबलपुर जिले के बरगी क्षेत्र में प्रशासनिक कार्रवाई के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। मुख्य बाजार में अवैध निर्माण हटाने की कार्रवाई के दौरान एक दुकानदार की तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई, जिसके बाद ग्रामीणों ने अस्पताल से शव लाकर बरगी थाने का घेराव कर प्रदर्शन शुरू कर दिया।

सदमे से दुकानदार की मौत का आरोप

ग्रामीणों के अनुसार “मां नर्मदा मेंस वेयर” नाम से दुकान चलाने वाले मिंटू अग्रवाल की बुलडोजर कार्रवाई के दौरान हालत बिगड़ गई और उन्हें दिल का दौरा पड़ा। परिजनों और स्थानीय लोगों का आरोप है कि समय पर एंबुलेंस उपलब्ध नहीं कराई गई और उन्हें निजी वाहन से अस्पताल ले जाना पड़ा, जहां उनकी मौत हो गई।

प्रभावशाली लोगों के दबाव में कार्रवाई का आरोप

प्रदर्शन कर रहे लोगों ने आरोप लगाया कि प्रशासन ने प्रभावशाली व्यक्तियों के दबाव में वर्षों से संचालित दुकानों पर अचानक कार्रवाई की। दुकानदारों को सामान हटाने तक का समय नहीं दिया गया और वैकल्पिक व्यवस्था भी नहीं की गई। ग्रामीणों ने यह भी दावा किया कि संबंधित भूमि विवादित थी और स्टे ऑर्डर होने के बावजूद कार्रवाई की गई।

Read More : M.P News : इंदौर में अवैध अतिक्रमण पर निगम की बड़ी कार्रवाई, निर्माणाधीन हॉस्टल पर चला बुलडोजर

थाने में शव रखकर न्याय की मांग

घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण बरगी थाने पहुंचे और शव रखकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने कलेक्टर और एसपी को मौके पर बुलाने, जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई करने और कुछ कर्मचारियों पर गंभीर धाराओं में मामला दर्ज करने की मांग उठाई। देर शाम तक थाने परिसर में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।

प्रशासनिक अधिकारियों ने की समझाइश

मौके पर डिप्टी कलेक्टर, एडिशनल एसपी और अन्य पुलिस अधिकारी पहुंचे तथा लोगों को समझाने का प्रयास किया। अधिकारियों की समझाइश के बाद ग्रामीणों ने लिखित आवेदन देकर प्रदर्शन समाप्त किया, हालांकि मामले को लेकर क्षेत्र में आक्रोश बना हुआ है।

जमीन विवाद और बाजार निर्माण बना कारण

जानकारी के अनुसार पटेल तिराहे के पास कई वर्षों से दुकानें संचालित थीं। हाल ही में जमीन खरीद-फरोख्त और विवाद बढ़ने के बाद प्रशासन ने तोड़फोड़ की कार्रवाई की, जिसके चलते यह पूरा घटनाक्रम सामने आया।

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *