Swaminarayan Temple : बुरहानपुर। दीपावली के दूसरे दिन, देशभर की तरह मध्य प्रदेश के बुरहानपुर जिले में भी अन्नकूट महोत्सव की धूम रही। सीलमपुरा स्थित लगभग 200 वर्ष प्राचीन स्वामीनारायण मंदिर में इस पावन अवसर पर भव्य अन्नकूट महोत्सव, गोवर्धन पूजा और छप्पन भोग का आयोजन किया गया।
बुरहानपुर के स्वामीनारायण मंदिर में अन्नकूट महोत्सव की शुरुआत पारंपरिक गोवर्धन पूजा से हुई। इसके पश्चात, मंदिर के मुख्य देवता भगवान स्वामीनारायण को छप्पन भोग अर्पित किए गए। भक्तों ने पूरी श्रद्धा से इस आयोजन में भाग लिया और दिव्य दर्शन का लाभ लिया।
Swaminarayan Temple : भक्तों ने भगवान को छप्पन प्रकार के व्यंजन अर्पित किए, जिनमें मिष्ठान्न, नमकीन, फल, मिठाइयाँ और विभिन्न पारंपरिक व्यंजन शामिल थे। मंदिर के कोठारी ब्रजवल्लभदासजी ने बताया कि यह मंदिर करीब 200 साल पुराना है और यहाँ हर वर्ष अन्नकूट महोत्सव बड़े धूमधाम से मनाया जाता है। उन्होंने कहा, “भगवान को छप्पन भोग अर्पित करके हम सब अपनी कृतज्ञता व्यक्त करते हैं। इस वर्ष भी भक्तों ने पूरे उत्साह से भाग लिया।” यह आयोजन भक्ति का प्रतीक होने के साथ-साथ सांस्कृतिक एकता और सेवा का संदेश भी देता है।
Swaminarayan Temple : इस अवसर पर मंदिर की एक युवा भक्त महिला ने बहुत ही सुंदर रंगोली का आयोजन किया। श्रद्धालु/महिला मंडल सदस्य प्रियंका श्रॉफ ने बताया कि इस रंगोली में उन्होंने भगवान राम, लक्ष्मण और सीता के आगमन को दिखाते हुए भव्य अयोध्या के मंदिर का सुंदर चित्रण किया, जो सभी के लिए प्रेरणास्रोत बना।











