Sunday, September 27, 2026
Home Chhattisgarh PCC Chief Deepak Baij Statement: ‘जल, जंगल और जमीन उद्योगपतियों को सौंपना...

PCC Chief Deepak Baij Statement: ‘जल, जंगल और जमीन उद्योगपतियों को सौंपना चाहती है सरकार’, विश्व आदिवासी दिवस पर गरमाई राजनीति

रायपुर [Nishanebaaz News]World Tribal Day CG Politics। 9 अगस्त को पूरी दुनिया में मनाए गए विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) के अध्यक्ष दीपक बैज ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। बैज ने आरोप लगाया कि दुनिया भर में धूमधाम से मनाए गए इस खास दिन पर छत्तीसगढ़ की सत्ता में बैठी भाजपा और खुद को आदिवासी हितैषी बताने वाले पार्टी के बड़े जनप्रतिनिधियों की ओर से समाज के लिए एक बधाई संदेश तक जारी नहीं किया गया।

चुनाव जीतने के बाद चुप्पी पर उठाए सवाल: पत्रकारों से चर्चा करते हुए पीसीसी चीफ दीपक बैज ने कहा कि वर्ष 2023 से पहले, जब भाजपा प्रदेश में विपक्ष में थी, तब उसके तमाम नेता बढ़-चढ़कर आदिवासी दिवस की शुभकामनाएं देते थे। लेकिन सत्ता मिलते ही भाजपा के नेता अपने ही समाज की पहचान और अस्मिता को भूल गए हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि आदिवासी बहुल विधानसभा क्षेत्रों से चुनाव जीतकर आए भाजपा के विधायक और मंत्री इस ऐतिहासिक दिन पर पूरी तरह मौन क्यों रहे? भाजपा और सरकार के नेताओं को प्रदेश की जनता को इसका जवाब देना चाहिए।

संस्कृति और जल-जंगल-जमीन को नुकसान पहुंचाने का आरोप: दीपक बैज ने आरएसएस और भाजपा पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि ये दोनों संगठन मिलकर छत्तीसगढ़ के मूलनिवासी आदिवासी समाज की समृद्ध संस्कृति, पहचान और एकता को छिन्न-भिन्न करने की कोशिश में लगे हुए हैं। उन्होंने यह भी गंभीर आरोप लगाया कि प्रदेश की वर्तमान सरकार आदिवासियों के अधिकारों, जल, जंगल और जमीन को अपने पूंजीपति मित्रों के हाथों में सौंपना चाहती है। अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर वीडियो संदेश साझा करते हुए बैज ने चेतावनी दी कि आदिवासी समाज भाजपा नेताओं की इस अवसरवादी चुप्पी को देख रहा है और वक्त आने पर इसका माकूल जवाब देगा।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here