CCS Meeting/नई दिल्ली. दिल्ली के लाल किले के पास हुए धमाके के बाद देश की सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं। हालात की गंभीरता को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज यानी बुधवार को कैबिनेट कमेटी ऑन सिक्योरिटी (CCS) की आपात बैठक बुलाई।इस अहम बैठक में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह, विदेश मंत्री एस. जयशंकर और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजीत डोभाल मौजूद हैं।बैठक में धमाके की जांच की मौजूदा स्थिति, सुरक्षा एजेंसियों की रिपोर्ट और आगे की रणनीति पर चर्चा की जा रही है।
जांच में तेज़ी, कई एजेंसियां कर रहीं समन्वय
CCS Meeting दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल, एनआईए और इंटेलिजेंस ब्यूरो इस मामले की तहकीकात कर रही हैं।सुरक्षा एजेंसियों ने धमाके की जगह से मिले विस्फोटक के सैंपल, CCTV फुटेज और मोबाइल डंप डेटा की जांच शुरू कर दी है।प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि धमाके के पीछे किसी संगठित आतंकी मॉड्यूल का हाथ हो सकता है।सूत्रों के मुताबिक, संदिग्धों के तार हरियाणा, फरीदाबाद और जम्मू-कश्मीर के कुछ इलाकों से जुड़े हो सकते हैं।
भूटान से लौटते ही एक्शन में आए पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार दोपहर भूटान दौरे से लौटते ही सीधे एलएनजेपी अस्पताल पहुंचे।यहां उन्होंने धमाके में घायल हुए लोगों से मुलाकात की और उनका हालचाल जाना।पीएम ने कहा, “देश के दुश्मनों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलेगी।”पीएम की यह सक्रियता दिखाती है कि सरकार इस हमले को राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी गंभीर चुनौती के रूप में देख रही है।
अंतरराष्ट्रीय साजिश का एंगल भी सामने
CCS Meeting जांच एजेंसियों को शक है कि इस हमले के तार पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े हो सकते हैं।खुफिया रिपोर्ट के अनुसार, पिछले कुछ महीनों से दिल्ली, गुरुग्राम और फरीदाबाद में एक स्लीपर सेल सक्रिय था, जो बड़े पैमाने पर धमाकों की साजिश रच रहा था।NSA अजीत डोभाल ने एजेंसियों को “जीरो टॉलरेंस” नीति पर काम करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
Read More : PM Modi in LNJP Hospital : भूटान से लौटते ही PM मोदी पहुंचे LNJP हॉस्पिटल, घायलों से मिलकर जाना हाल-चाल
देशभर में हाई अलर्ट, सुरक्षा बढ़ाई गई
गृह मंत्रालय ने सभी राज्यों को सतर्क रहने और भीड़भाड़ वाली जगहों, धार्मिक स्थलों और सरकारी भवनों में सुरक्षा कड़ी करने के निर्देश दिए हैं।दिल्ली, यूपी, हरियाणा और राजस्थान की सीमाओं पर अलर्ट लेवल बढ़ा दिया गया है।प्रधानमंत्री मोदी आने वाले दिनों में सुरक्षा स्थिति की एक और समीक्षा बैठक करने वाले हैं, जिसमें सभी एजेंसियों की रिपोर्ट पेश की जाएगी।
इस तरह से यह साफ़ है कि, दिल्ली धमाके के बाद केंद्र सरकार ने जिस तेजी से कदम उठाए हैं, उससे यह साफ है कि इस बार सरकार किसी भी तरह की ढिलाई के मूड में नहीं है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सुरक्षा एजेंसियां इस आतंकी साजिश के हर पहलू को उजागर करने में जुट गई हैं।











