निशानेबाज न्यूज़ डेस्क : बॉलीवुड अभिनेता शाहिद कपूर इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म ‘ओ रोमियो’ को लेकर सुर्खियों में बने हुए हैं। टीजर रिलीज के बाद जहां दर्शकों की उत्सुकता बढ़ गई थी, वहीं अब मेकर्स ने फिल्म का धांसू ट्रेलर रिलीज कर दिया है, जिसने सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी है। ट्रेलर टीजर से कहीं ज्यादा इंटेंस, डार्क और दमदार नजर आ रहा है।
ट्रेलर की शुरुआत तृप्ति डिमरी और शाहिद कपूर के संवाद से होती है, जहां तृप्ति कहती हैं, “मोहब्बत एक बद-दुआ है, जो मुझे भी लगी है और आपको भी।” इसके बाद कहानी तेजी से एक ऐसी दुनिया में पहुंच जाती है, जहां अपराध, प्यार, बदला और हिंसा सब कुछ साथ-साथ चलता है।
Read More : Zomato के फाउंडर दीपिंदर गोयल ने छोड़ा ग्रुप CEO का पद, इस शख्स को मिली जिम्मेदारी
3 मिनट 18 सेकेंड के इस ट्रेलर में शाहिद कपूर का किरदार बेहद खतरनाक नजर आता है। एक सीन में उनका डायलॉग, “उस्तरा से पंगा नहीं लेने का, शरीर से आत्म काटकर ले जाता है,” उनके कैरेक्टर की गहराई को बखूबी बयां करता है। माना जा रहा है कि शाहिद फिल्म में गैंगस्टर हुसैन उस्तरा की भूमिका निभा रहे हैं, जो उनके करियर के सबसे डार्क रोल्स में से एक हो सकता है।
स्टारकास्ट और किरदार
फिल्म में शाहिद और तृप्ति के अलावा दिशा पाटनी, तमन्ना भाटिया, फरीदा जलाल और नाना पाटेकर भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। वहीं अभिनेता अविनाश तिवारी फिल्म में विलेन की भूमिका निभा रहे हैं और ट्रेलर में उनकी और शाहिद की भिड़ंत की झलक साफ दिखाई देती है। अविनाश का रफ-टफ लुक दर्शकों को काफी पसंद आ रहा है।
इसके अलावा विक्रांत मैसी भी फिल्म में कैमियो करते नजर आएंगे, हालांकि उनके किरदार को लेकर अभी सस्पेंस बरकरार है।
रिलीज डेट और मेकर्स
‘ओ रोमियो’ 13 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म का निर्देशन विशाल भारद्वाज ने किया है, जबकि इसे साजिद नाडियाडवाला ने प्रोड्यूस किया है। ट्रेलर को मिली प्रतिक्रिया के बाद फिल्म से बॉक्स ऑफिस पर बड़ी उम्मीदें लगाई जा रही हैं।











