Monday, September 28, 2026
Home Chhattisgarh Raipur News : 1 अप्रैल से खारून ब्रिज मरम्मत के लिए वन-वे,...

Raipur News : 1 अप्रैल से खारून ब्रिज मरम्मत के लिए वन-वे, दुर्ग-रायपुर ट्रैफिक पर असर; जाम से बचने के लिए पढ़े ये खबर

Raipur News
Raipur News

Raipur News : रायपुर : रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने 1 अप्रैल 2026 से दुर्ग-रायपुर मार्ग पर स्थित खारून नदी ब्रिज के मरम्मत कार्य को लेकर विस्तृत ट्रैफिक प्लान जारी किया है। यह ब्रिज एनएच-53 पर कुम्हारी टोल के पास स्थित है और दुर्ग, भिलाई से रायपुर आने-जाने का प्रमुख मार्ग है। यहां रोजाना करीब डेढ़ लाख छोटे-बड़े वाहनों की आवाजाही होती है, ऐसे में मरम्मत के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखना बड़ी चुनौती होगी।

प्रशासन के अनुसार, मरम्मत कार्य लगभग एक महीने तक चलेगा। इस दौरान ब्रिज पर पूरी तरह यातायात बंद नहीं रहेगा, बल्कि वन-वे सिस्टम लागू किया जाएगा। यानी एक समय में केवल एक दिशा से ही वाहन गुजर सकेंगे। इसके चलते ब्रिज के दोनों ओर लंबा जाम लगने की आशंका जताई गई है।

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए रायपुर कमिश्नरेट ट्रैफिक, दुर्ग ट्रैफिक पुलिस और NHAI के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से निरीक्षण कर वैकल्पिक मार्ग तय किए हैं। एडिशनल डीसीपी विवेक शुक्ला, एसीपी सतीश ठाकुर, सीमा अहिरवार सहित कई अधिकारियों ने मौके का जायजा लेकर डायवर्सन प्लान तैयार किया है।

दुर्ग से रायपुर आने वाले वाहन चालकों के लिए कई रूट सुझाए गए हैं। एयरपोर्ट, नया रायपुर, मंत्रालय, अभनपुर और आरंग जाने वालों को सेलूद–पाटन–अभनपुर मार्ग अपनाने की सलाह दी गई है। वहीं भिलाई, रिसाली और उतई क्षेत्र से आने वाले लोग सेलूद–फुंडा–जामगांव–मोतीपुर–अमलेश्वर मार्ग का उपयोग कर सकते हैं। चरोदा और भिलाई-3 से आने वाले वाहन सिरसा गेट–मोतीपुर–अमलेश्वर होते हुए रायपुर पहुंच सकते हैं। कुम्हारी और आसपास के क्षेत्रों से आने वाले लोग कुम्हारी–उरला–खमरिया–अमलेश्वर मार्ग का इस्तेमाल कर सकते हैं।

रायपुर से दुर्ग जाने वालों के लिए भी वैकल्पिक रूट तय किए गए हैं। कार और बाइक चालक चंदनीडीह से पुराने रपटा पुल का उपयोग कर कुम्हारी टोल तक पहुंच सकते हैं। इसके अलावा भटगांव और रायपुरा से अमलेश्वर–मोतीपुर होकर दुर्ग और भिलाई जाने का मार्ग भी सुझाया गया है।

वन-वे व्यवस्था के दौरान चंदनीडीह से कुम्हारी टोल प्लाजा तक और कुम्हारी टोल से चंदनीडीह तक एकल दिशा में ही यातायात संचालित होगा। इस दौरान ओवरटेकिंग पर पूरी तरह रोक रहेगी, ताकि दुर्घटनाओं से बचा जा सके।

Raipur News : प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे ट्रैफिक डायवर्सन का पालन करें और एयरपोर्ट, अस्पताल, रेलवे स्टेशन या परीक्षा जैसे जरूरी कार्यों के लिए अतिरिक्त समय लेकर निकलें। साथ ही यातायात संकेतों और पुलिस के निर्देशों का सख्ती से पालन करने की भी सलाह दी गई है।

Raipur News : यह ट्रैफिक प्लान लोगों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है, ताकि मरम्मत कार्य के दौरान भी यातायात व्यवस्था नियंत्रित और सुरक्षित बनी रहे।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here