Monday, September 28, 2026
Home Chhattisgarh CG Crime: कपड़ों की आड़ में गांजे की तस्करी, 4.59 करोड़ का...

CG Crime: कपड़ों की आड़ में गांजे की तस्करी, 4.59 करोड़ का माल जब्त; पुलिस की चेकिंग में खुला राज

CG Crime: छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (MCB) जिले में पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। नागपुर चौकी क्षेत्र में जांच के दौरान पुलिस ने दो पिकअप वाहनों से 9 क्विंटल 19 किलो गांजा बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 4 करोड़ 59 लाख रुपये है।

आरोप है कि तस्कर गांजे को ओडिशा से मध्य प्रदेश के कटनी ले जा रहे थे। पुलिस से बचने के लिए गांजे के पैकेटों को कपड़ों के बड़े-बड़े गट्ठों के नीचे छिपाया गया था। तलाशी के दौरान कपड़े हटाने पर पुलिस को नीचे प्लास्टिक पैकेट और बोरियों में रखा गांजा मिला।

चेकिंग के दौरान पकड़ी गईं दो पिकअप

पुलिस के अनुसार रविवार सुबह करीब 10:30 बजे नागपुर चौकी के सामने वाहनों की जांच चल रही थी। इसी दौरान ओडिशा नंबर की दो पिकअप गाड़ियां वहां पहुंचीं। दोनों वाहनों के नंबर OD 14 AA 3468 और OD 14 AL 9682 बताए गए हैं।पुलिस ने दोनों वाहनों को रोककर तलाशी शुरू की। शुरुआत में वाहनों के भीतर कपड़ों के बड़े गट्ठे दिखाई दिए। जब पुलिस ने इन गट्ठों को हटाकर नीचे की जांच की तो प्लास्टिक पैकेटों में गांजा मिला।इसके बाद पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर पूरे माल की जांच की।

Read More: Bilaspur News : सरकारी स्कूल में प्रिंसिपल से गाली-गलौज का आरोप, वीडियो वायरल

200 से ज्यादा पैकेट में मिला गांजा

नागपुर चौकी प्रभारी शेष नारायण सिंह के अनुसार, दोनों पिकअप वाहनों से 200 से अधिक पैकेट बरामद किए गए। इनका कुल वजन 9 क्विंटल 19 किलो बताया गया है। पुलिस ने जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 4.59 करोड़ रुपये बताई है।पुलिस ने मामले में दो महिलाओं समेत कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। शुरुआती पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर ओडिशा से गांजा लेकर कटनी जाने की जानकारी दी है।

दो महिलाएं कटनी की, चार आरोपी ओडिशा के

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में दो महिलाएं मध्य प्रदेश के कटनी की रहने वाली हैं। वहीं, चार पुरुष आरोपी ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले के निवासी बताए गए हैं।पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा कहां से लोड किया गया था और इसे कटनी में किसे पहुंचाया जाना था। इसके साथ ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

कई थाना क्षेत्रों से गुजरकर पहुंचे थे नागपुर

पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार आरोपी ओडिशा से गांजा लोड करने के बाद जशपुर के रास्ते छत्तीसगढ़ में दाखिल हुए थे। इसके बाद उनका रूट सरगुजा की ओर रहा।पुलिस के अनुसार, आरोपी नेशनल हाईवे-43 के रास्ते सरगुजा के पांच थाना क्षेत्रों, सूरजपुर के तीन थाना क्षेत्रों और कोरिया जिले के तीन थाना क्षेत्रों से होकर नागपुर तक पहुंचे थे।मध्य प्रदेश की सीमा से कुछ किलोमीटर पहले ही पुलिस की जांच में दोनों वाहन पकड़े गए। इस तरह गांजा तस्करी का पूरा माल सीमा पार करने से पहले ही पुलिस के हाथ लग गया।

Read More: Surguja News: पहाड़ी कोरवा आश्रम में 3 दिन से बिजली गुल, 1 KM दूर से पानी ला रहे बच्चे

तस्करी के नेटवर्क की जांच जारी

पुलिस ने गांजा और दोनों वाहनों को जब्त कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। अब जांच का फोकस गांजे के स्रोत, इसकी सप्लाई चेन और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य संभावित लोगों पर है।MCB पुलिस की इस कार्रवाई में बड़ी मात्रा में गांजा बरामद हुआ है। फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर मामले की आगे की जांच की जा रही है।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here