Nepal Helicopter Crash: दो हेलिकॉप्टरों की भयंकर टक्कर, लैंडिंग के दौरान आपस में भिड़े, CCTV वीडियो आया सामने

Sanjay Sahu
Nepal Helicopter Crash

Nepal Helicopter Crash: काठमांडू। नेपाल के सोलुखुम्बु जिले में दो हेलिकॉप्टरों के बीच भीषण टक्कर हो गई। हादसे में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। दोनों हेलिकॉप्टर फेरीचे हेलिपैड पर लैंडिंग कर रहे थे, तभी उनके पंखे आपस में टकरा गए। हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें हेलिकॉप्टरों की टक्कर की घटना देखी जा सकती है।

नेपाल नागरिक उड्डयन प्राधिकरण के मुताबिक, फिस्टेल एयर और डायनेस्टी एयर के हेलिकॉप्टर फेरीचे हेलिपैड पर उतरते समय आपस में टकरा गए। प्राधिकरण के सूचना अधिकारी ज्ञानेन्द्र भुल ने बताया कि शुरुआती जानकारी के अनुसार, दोनों हेलिकॉप्टरों के पंखे आपस में टकराए हैं। हादसे के संबंध में विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।

सोलुखुम्बु जिला पुलिस कार्यालय के डीएसपी नवीनराज बुढाथोकी ने भी दुर्घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि खुम्बु पासांगल्हामु क्षेत्र के फेरीचे हेलिपैड पर लैंडिंग के दौरान दोनों हेलिकॉप्टरों के पंखे आपस में भिड़ गए।

हादसे में भारतीय नागरिक की मौत, न्यूजीलैंड का नागरिक घायल

पुलिस निरीक्षक मौसम तामांग ने बताया कि हादसे में जान गंवाने वाले व्यक्ति की पहचान 47 वर्षीय भारतीय नागरिक वसंत कुमार बलारा माडू के रूप में हुई है। मृतक का शव प्रभु हेलिकॉप्टर से लुक्ला लाया गया है।

वहीं, हादसे में घायल व्यक्ति की पहचान 53 वर्षीय शैलेश किशन पटेल के रूप में हुई है। वह भारतीय मूल के न्यूजीलैंड के नागरिक हैं। घायल को इलाज के लिए माउंटेन हेलिकॉप्टर से अस्पताल भेजा गया है। हादसे में फिस्टेल एयर के पायलट को भी मामूली चोट आई है।

CCTV फुटेज में कैद हुई टक्कर

Nepal Helicopter Crash: इस हादसे का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। इसमें हेलिपैड पर हेलिकॉप्टरों की गतिविधियां दिखाई दे रही हैं। फुटेज के मुताबिक, दोनों हेलिकॉप्टर लैंडिंग के दौरान आपस में टकरा गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों हेलिकॉप्टरों के पंखे क्षतिग्रस्त हो गए। फिलहाल दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। नेपाल नागरिक उड्डयन प्राधिकरण और स्थानीय प्रशासन हादसे से जुड़ी अन्य जानकारियां जुटा रहे हैं।

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *