Gold-Silver Price Crash: नई दिल्ली। सोना और चांदी की कीमतों में लगातार उतार-चढ़ाव का दौर जारी है। सोमवार को वायदा बाजार में जोरदार तेजी के बाद मंगलवार को दोनों कीमती धातुओं के भाव में बड़ी गिरावट देखने को मिली। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर कारोबार शुरू होते ही चांदी की कीमत में 4,429 रुपये प्रति किलोग्राम की गिरावट आ गई। वहीं, 24 कैरेट सोना भी एक झटके में 1,386 रुपये प्रति 10 ग्राम सस्ता हो गया।
चांदी की कीमत में 4,429 रुपये की बड़ी गिरावट
MCX पर 4 दिसंबर एक्सपायरी वाली चांदी ने पिछले कारोबारी सत्र में शानदार तेजी दिखाई थी। सोमवार को चांदी का वायदा भाव 4,600 रुपये से ज्यादा उछलकर 1,83,779 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुआ था। लेकिन मंगलवार को बाजार खुलते ही चांदी की कीमत में बड़ी गिरावट आ गई। शुरुआती कारोबार में इसका भाव फिसलकर 1,79,350 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गया। इस तरह एक ही झटके में चांदी 4,429 रुपये प्रति किलो सस्ती हो गई और इसका भाव फिर से 1.80 लाख रुपये के नीचे आ गया।
अपने रिकॉर्ड हाई से 2.40 लाख रुपये से ज्यादा सस्ती हुई चांदी
चांदी की कीमतों में आई इस गिरावट के बाद यह अपने रिकॉर्ड हाई स्तर से काफी नीचे आ चुकी है। 29 जनवरी 2026 को चांदी ने पहली बार 4 लाख रुपये प्रति किलोग्राम का आंकड़ा पार करते हुए 4,20,048 रुपये का रिकॉर्ड स्तर छुआ था। अब मौजूदा भाव की तुलना करें तो चांदी अपने ऑल टाइम हाई से 2.40 लाख रुपये से ज्यादा सस्ती हो चुकी है। लगातार बदलते भाव ने निवेशकों और खरीदारों की चिंता बढ़ा दी है।
सोने की कीमत भी धड़ाम, 10 ग्राम पर 1,386 रुपये की गिरावट
चांदी के साथ सोने की कीमतों में भी मंगलवार को बड़ी गिरावट दर्ज की गई। MCX पर 4 दिसंबर एक्सपायरी वाले 24 कैरेट सोने का वायदा भाव पिछले कारोबारी दिन 1,40,186 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। मंगलवार को बाजार खुलते ही सोने का भाव गिरकर 1,38,800 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। इस तरह सोना एक ही झटके में 1,386 रुपये प्रति 10 ग्राम सस्ता हो गया।
Gold-Silver Price Crash: घरेलू बाजार में भी लगातार सस्ता हो रहा सोना-चांदी
Gold-Silver Price Crash: वायदा बाजार में सोमवार को भले ही सोने और चांदी की कीमतों में तेजी देखने को मिली थी, लेकिन घरेलू बाजार में दोनों कीमती धातुओं के भाव में गिरावट जारी रही। इंडियन बुलियन ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के आंकड़ों के मुताबिक, 2 नवंबर को 24 कैरेट सोने का भाव 30 अक्टूबर के 1,40,054 रुपये से घटकर 1,37,524 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया। यानी सोना 2,530 रुपये सस्ता हुआ। इसी तरह चांदी की कीमत भी 30 अक्टूबर के 1,81,344 रुपये प्रति किलोग्राम से गिरकर 1,79,972 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई। इस दौरान चांदी 1,372 रुपये सस्ती हुई। सोना-चांदी की कीमतों में जारी इस उतार-चढ़ाव के बीच निवेशकों और खरीदारों की नजर अब बाजार की अगली चाल पर टिकी है।