बैतूल : मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के बाजपुर गांव में वरकड़े परिवार की रात डर के साये में बीती। घर के छप्पर पर नाग सांप दिखने के बाद परिवार पूरी रात जागकर उसकी निगरानी करता रहा। सूत्रों के अनुसार, सांप नाग प्रजाति का था और करीब 5 फीट लंबा था। डर के कारण पूरा परिवार रातभर सो नहीं सका।
सुबह होते ही परिवार ने सर्प मित्र विशाल विश्वकर्मा को सूचना दी। जानकारी मिलते ही विशाल मौके पर पहुंचे और सांप का सुरक्षित रेस्क्यू किया। सर्प मित्र ने ग्रामीणों से अपील की कि सांप दिखने पर घबराएं नहीं और तुरंत जानकारी दें। इस घटना के बाद वरकड़े परिवार ने राहत की सांस ली।











