Thursday, October 1, 2026
Home Chhattisgarh फरसगांव: भुमका में चार दिवसीय खेल महाकुंभ का समापन, विधायक नीलकंठ टेकाम...

फरसगांव: भुमका में चार दिवसीय खेल महाकुंभ का समापन, विधायक नीलकंठ टेकाम ने बढ़ाया नन्हें खिलाड़ियों का हौसला

फरसगांव (रामकुमार भारद्वाज)। ब्लॉक के ग्राम भुमका में आयोजित चार दिवसीय ब्लॉक स्तरीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता का शनिवार शाम को रंगारंग समापन हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम रहे। इस आयोजन में फरसगांव ब्लॉक के 50 संकुलों के 16 जोन (हिर्री, भंडारसिवनी, आलोर, जैतपुरी, मांझीआठगांव, सोड़मा, बड़ेडोंगर, कोटपाड़, फरसगांव, चिंगनार, कोनगुड़, मोडेंगा, देवगांव, उरंदाबेड़ा, चरकई और बड़ेओडागांव) से आए 2000 से अधिक स्कूली बच्चों ने अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता के दौरान खो-खो, कबड्डी, रिले रेस, लंबी कूद, ऊंची कूद और वॉलीबॉल जैसे खेलों के साथ-साथ चित्रकला, रंगोली और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया। विधायक नीलकंठ टेकाम ने सभी खेल विधाओं के विजेता खिलाड़ियों को पदक और पुरस्कार वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया।

खेलों का महत्व और विधायक का संदेश: खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए विधायक नीलकंठ टेकाम ने कहा कि स्वस्थ शरीर और तेज दिमाग के विकास के लिए खेल अनिवार्य हैं। उन्होंने कहा, “लगातार पढ़ाई के बीच होने वाले मानसिक तनाव को दूर करने का खेल सबसे बेहतर माध्यम है। बच्चों में देश प्रेम की भावना के साथ-साथ सीमाओं की सुरक्षा का ज्ञान भी होना चाहिए।” विधायक ने हारने वाले खिलाड़ियों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि वे निराश न हों, बल्कि निरंतर प्रयास करें, क्योंकि हौसलों से ही जीत का रास्ता तय होता है।

इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य जयलाल नाग, जनपद सदस्य श्रीमती रेवती लोकनाथ निषाद, श्रीमती लीलावती नेताम, सरपंच रामभरोष कुंवर, उप सरपंच श्रीमती जानकी तिवारी, प्रशांत पात्र, हेमचंद देवांगन सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी श्रीराम तारम (BEO), उदित सोनी (ABO), और भारी संख्या में शिक्षक, ग्रामीण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here