सिंगरौली : मध्यप्रदेश के सिंगरौली जिले में स्कूल बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर लापरवाही सामने आई है। जिला मुख्यालय से लगभग 25 किलोमीटर दूर बरगवां स्थित सांदीपनि सी.एम. राइज स्कूल में बच्चों को लाने–ले जाने के लिए जो वाहन लगाए गए हैं, उनमें से कई बिना नंबर प्लेट और फिटनेस सर्टिफिकेट के ही सड़कों पर दौड़ रहे हैं। इसके चलते न केवल बच्चों की सुरक्षा दांव पर है, बल्कि ये वाहन परिवहन नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाते दिखाई दे रहे हैं।
स्थानीय सूत्रों का कहना है कि नियमों के अनुसार स्कूल बसों का रंग पीला होना चाहिए और सीट क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाने की अनुमति नहीं होती। लेकिन वास्तविकता में इस स्कूल की गाड़ियां अलग-अलग रंग की हैं और इनमें तय सीटों से कहीं अधिक बच्चे बैठाए जा रहे हैं। इस स्थिति में किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि परिवहन विभाग और वाहन मालिकों के बीच मिलीभगत के कारण यह अवैध परिवहन लगातार जारी है। नियमों का उल्लंघन होने के बावजूद विभाग कोई सक्रिय कदम नहीं उठा रहा है। स्कूल बसों में बच्चों को ठूंस-ठूंस कर बैठाने की घटना से अभिभावकों में चिंता लगातार बढ़ रही है।
विशेषज्ञों का कहना है कि ऐसी लापरवाही गंभीर अपराध के समान है। ज़रा सी गलती या हादसा बच्चों के लिए जानलेवा साबित हो सकता है। इसके बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों और स्कूल प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं दिखाई दे रही है।
स्थानीय नागरिकों और अभिभावकों का कहना है कि यदि वाहन मालिकों और स्कूल प्रशासन के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई, तो भविष्य में बच्चों की सुरक्षा खतरे में बनी रहेगी। उन्हें उम्मीद है कि प्रशासन जल्द सक्रिय होकर नियमों के पालन और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करे।













