निशानेबाज न्यूज़ डेस्क : मध्य प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से एलपीजी सिलेंडर की कमी के कारण उपभोक्ताओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। हालांकि अब इस संकट के बीच राहत के संकेत मिलने लगे हैं। रविवार को भोपाल, इंदौर, ग्वालियर और उज्जैन जैसे बड़े शहरों में पहले की तरह अफरा-तफरी का माहौल देखने को नहीं मिला।
बताया जा रहा है कि ऑयल कंपनियों ने सिलेंडर की सप्लाई को दोबारा सामान्य करने की प्रक्रिया तेज कर दी है, जिससे आने वाले दिनों में स्थिति बेहतर होने की उम्मीद जताई जा रही है।
भोपाल में कुछ एजेंसियां रहीं बंद
राजधानी भोपाल में रविवार को कुछ गैस एजेंसियां बंद रहने की खबर सामने आई, जिससे उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा। इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन भी किया।
जांच में सामने आया कि कई एजेंसियों के पास स्टॉक खत्म हो गया था, जिसके कारण उन्हें अस्थायी रूप से बंद करना पड़ा।
Read More : M.P Weather : मध्यप्रदेश में बढ़ा तापमान, दोपहर में सड़कों पर दिखने लगा सन्नाटा
भौंरी डिपो से सिलेंडर की लोडिंग शुरू
भोपाल के फूड कंट्रोलर चंद्रभान सिंह जादौन के अनुसार पिछले छह दिनों से कमर्शियल गैस सिलेंडरों की सप्लाई प्रभावित थी। अब भौंरी स्थित डिपो से सिलेंडरों से भरे ट्रकों की लोडिंग शुरू कर दी गई है।
उन्होंने बताया कि सोमवार से शहर में कमर्शियल सिलेंडरों की नियमित सप्लाई बहाल कर दी जाएगी, जिससे होटल, रेस्टोरेंट और अन्य व्यवसायों को राहत मिलने की उम्मीद है।
जल्द सामान्य होगी स्थिति
अधिकारियों के मुताबिक रविवार को करीब आधा दर्जन गैस एजेंसियों के बंद होने की सूचना मिली थी। हालांकि जांच में पाया गया कि यह स्थिति अस्थायी थी और इसका मुख्य कारण डिपो में लोडिंग का न होना था।
अब जब डिपो से सिलेंडरों की लोडिंग शुरू हो चुकी है, तो आने वाले दिनों में घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडर की सप्लाई सामान्य होने की उम्मीद जताई जा रही है।











