M.P बोर्ड 10वीं-12वीं रिजल्ट को लेकर बड़ा अपडेट, अप्रैल के मध्य तक आ सकते हैं नतीजे

Rahul Goshwami

भोपाल: मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) भोपाल द्वारा आयोजित 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं की उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन तेजी से किया जा रहा है। मंडल के अनुसार अब तक लगभग 70 प्रतिशत कॉपियों की जांच पूरी हो चुकी है। अधिकारियों का कहना है कि यदि मूल्यांकन इसी गति से जारी रहा तो अप्रैल के पहले सप्ताह तक परिणाम तैयार कर लिया जाएगा।

23 मार्च से शुरू होगा मूल्यांकन का अंतिम चरण

माशिमं के अधिकारियों के मुताबिक 23 मार्च से मूल्यांकन का चौथा और अंतिम चरण शुरू किया जाएगा। इस चरण में शेष उत्तरपुस्तिकाओं की जांच पूरी कर ली जाएगी। इसके बाद रिजल्ट तैयार करने की प्रक्रिया शुरू होगी।संभावना जताई जा रही है कि 14 या 15 अप्रैल के आसपास एमपी बोर्ड का रिजल्ट घोषित किया जा सकता है।

16 लाख विद्यार्थियों की कॉपियों की जांच

इस वर्ष प्रदेशभर में करीब 16 लाख विद्यार्थियों ने हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी बोर्ड परीक्षा दी है। इन विद्यार्थियों की लगभग 90 लाख उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया जा रहा है।इतने बड़े कार्य को समय पर पूरा करने के लिए प्रदेशभर में करीब 18 हजार शिक्षकों को मूल्यांकन कार्य में लगाया गया है।

Read More  : M.P LPG Cylinder Update: सिलेंडर संकट के बीच राहत के संकेत, भोपाल में फिर शुरू होगी सप्लाई

कुछ जिलों में धीमी है मूल्यांकन की गति

हालांकि अधिकांश जिलों में कॉपियों की जांच तेज गति से चल रही है, लेकिन कुछ स्थानों पर यह प्रक्रिया अपेक्षाकृत धीमी बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार आगर मालवा और नर्मदापुरम जैसे जिलों में अब तक करीब 40 प्रतिशत उत्तरपुस्तिकाओं की ही जांच पूरी हो सकी है। इसके बावजूद मंडल को उम्मीद है कि तय समय सीमा के भीतर मूल्यांकन कार्य पूरा कर लिया जाएगा।

छात्रों में बढ़ी रिजल्ट को लेकर उत्सुकता

बोर्ड परीक्षाओं में शामिल हुए लाखों छात्र और उनके अभिभावक अब परीक्षा परिणाम का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। बोर्ड अधिकारियों का कहना है कि मूल्यांकन कार्य पूरा होने के बाद रिजल्ट को जल्द से जल्द घोषित करने की कोशिश की जाएगी।

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *