जबलपुर : युवतियों को ब्लैकमेल करने वाला गिरफ्तार, सोशल मीडिया पर फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर करता था गलत काम

Rahul Goshwami

जबलपुर: मध्यप्रदेश के जबलपुर जिले के बरगी थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया के जरिए युवतियों को ब्लैकमेल करने वाले एक शातिर आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर युवतियों को अपने जाल में फंसाता था और उनकी फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर पैसे और शारीरिक संबंध की मांग करता था।

युवती की शिकायत के बाद शुरू हुई जांच

जानकारी के अनुसार 11 मार्च को 23 वर्षीय युवती ने बरगी थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि साहिल विश्वकर्मा नाम का युवक उसकी फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दे रहा था।

आरोपी उससे पैसे और शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बना रहा था। शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

पुलिस की विशेष टीम ने की कार्रवाई

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक जबलपुर के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी सोशल मीडिया पर फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट बनाकर कई युवतियों को ब्लैकमेल करता था।वारदात के बाद आरोपी नागपुर में छिपकर रह रहा था।

Read More : M.P News : इंदौर में ट्रैफिक पुलिस की कार्रवाई पर बवाल, मेडिकल इमरजेंसी में काटा चालान

नागपुर से दबोचा गया आरोपी

बरगी पुलिस की टीम ने नागपुर पहुंचकर आरोपी साहिल विश्वकर्मा को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि वह सैकड़ों युवतियों को अपने जाल में फंसाकर उन्हें ब्लैकमेल करता था।

मोबाइल, सिम कार्ड और डिजिटल उपकरण जब्त

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन, पेन ड्राइव, ओटीजी और कई सिम कार्ड बरामद किए हैं। फिलहाल आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *